Kangana Ranaut: हिमाचल के सीएम फेस पर कंगना के बयान से गरमाई सियासत, 2027 में होना है विधानसभा चुनाव
Kangana Ranaut मंडी में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कंगना रनौत ने जयराम ठाकुर के साथ हवन किया। जब कंगना से मुख्यमंत्री पद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दी गई किसी भी जिम्मेदारी को निभाने में सक्षम हैं। कंगना रनौत के इस बयान से हिमाचल प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है।

डिजिटल डेस्क, मंडी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि पर सांसद एवं बालीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की मौजूदगी में मंडी में हवन किया गया। इस हवन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की सुरक्षा की कामना भी की गई। इस दौरान कंगना रनौत ने एक बड़ा राजनीतिक बयान भी दिया। जो हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कंगना रनौत से जब पूछा गया कि क्या वह खुद को अगले मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में देखती हैं। तो उन्होंने थोड़ा घुमाते हुए कहा कि जिस काम में मुझे लगाया जाएगा व जो जिम्मेवारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दी जाएगी, वह उसे निभाने के लिए कैपेबल हैं।
अभी हिमाचल में जयराम ठाकुर भाजपा का प्रमुख चेहरा
कंगना के इस बयान के बाद हिमाचल प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। हिमाचल प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होना प्रस्तावित हैं। हिमाचल प्रदेश में भाजपा के कई चेहरे हैं। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अभी प्रबल दावेदारों में हैं। लेकिन भविष्य में क्या हो, कुछ कहा नहीं जा सकता। बरहाल, कंगना के इस बयान ने हिमाचल की सियासत में गरमाहट जरूर ला दी है।
यह भी पढ़ें- जब नरेन्द्र मोदी ने भरी थी मनाली में पैराग्लाइडिंग उड़ान, पायलट ने बताया रोमांचकारी सफर का कैसा रहा था अनुभव
2027 में नवंबर या दिसंबर में होगा चुनाव
हिमाचल प्रदेश में 2027 में नवंबर या दिसंबर महीने में विधानसभा चुनाव होगा। इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस ने सरकार बनाई है। करीब दो साल पहले ही हिमाचल प्रदेश में चुनावी रंग जमने लग पड़ा है। भाजपा संगठन में विस्तार व फेरबदल कर चुनावी मोड में है।
प्रधानमंत्री ने समझा प्रदेश का दर्द : जयराम ठाकुर
वहीं, मंडी में कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रभावितों मिलकर स्वयं उनकी दर्द समझा है। इसके बाद उन्हाेंने प्रदेश को 1500 करोड़ की आपदा राशि देने का ऐलान किया है। आपदा के दौरान राहत पैकेज घोषित करने वाले पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही हैं। जिन्होंने 1500 करोड़ देने का ऐलान किया है। इसके बावजूद कांग्रेस के नेता झूठा प्रचार करने में लगे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।