हिमाचल: सर्दी की शुरुआत के साथ शिमला शहर में पहुंचने लगे तेंदुए, बच्चे पर हमले के बाद अब घर में घुसा खूंखार; CCTV में कैद
शिमला में ठंड बढ़ने के साथ ही रिहायशी इलाकों में तेंदुओं का खतरा बढ़ गया है। टुटू और संजौली में तेंदुए देखे गए हैं, जिससे लोगों में दहशत है। पहले चलौंठी में तेंदुए ने एक छात्र पर हमला भी किया था। स्थानीय लोगों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों को समूह में चलने और शोर मचाने की सलाह दी है।

सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ ही शिमला शहर तक तेंदुआ पहुंचने लगा है।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में सर्द मौसम की शुरुआत होते ही राजधानी शिमला के उपनगरों में तेंदुओं की रिहायशी इलाकों में मौजूदगी बढ़ने लगी है। शहर में तापमान गिरते और रात जल्द होने से खाने की तलाश में तेंदुएं रिहायशी इलाकों की तरफ पहुंच रहे हैं।
दो दिन पहले टुटू में सड़क के पास तेंदुए को देखा गया था। इससे लगभग एक सप्ताह पहले एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई थी। अब संजौली के चलौंठी क्षेत्र में भी सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ दिखाई दिया है।
शहर में तेंदुए की दस्तक से दहशत
इससे पहले तेंदुएं ने चलौंठी में एक छात्र पर हमला किया था। इसमें छात्र को हलकी चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ यूएस क्लब और आसपास के क्षेत्रों में बीच-बीच में दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
सुबह व शाम के वक्त रिहायशी इलाके में पहुंच रहे जंगली जानवर
राजधानी में सर्दियों के दौरान अंधेरा जल्द होने के कारण लोगों को घर पहुंचने के लिए स्ट्रीट लाइटों का ही सहारा होता है। तेंदुएं सुबह व शाम के समय भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों के पास पहुंचते हैं। अब तेंदुए घर में पहुंचने व सीसीटीवी में कैद होने के कारण आम लोगों को डर लगने लगा है।
स्थानीय लोगों ने शहर के मेयर सुरेंद्र चौहान व पार्षदों से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: सोलन घूमने आए अंबाला के स्कूली बच्चों की बस दुर्घटनाग्रस्त, पहाड़ी मार्ग पर ब्रेक हुई फेल
तेंदुए से बचने के लिए क्या करें उपाय
वन विभाग के मुताबिक यदि कहीं तेंदुएं के होने की आशंका रहती है तो अकेले जाने की बजाय तीन से चार लोग एक साथ जाएं। मोबाइल पर गाने बजाते हुए जाएं। शोर के दौरान या झुंड पर तेंदुएं के हमले की आशंका न के बराबर रहती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।