विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3.50 लाख महिलाओं को 1500 और 300 यूनिट फ्री बिजली, सुक्खू सरकार ने निगरानी भी की मजबूत; गलत जानकारी पर होगी वसूली

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:47 AM (IST)

सुक्खू सरकार 11 दिसंबर को सुजानपुर से 'अपना परिवार सुखी परिवार योजना' शुरू करेगी, जिससे 3.50 लाख महिलाओं को लाभ मिलेगा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. सुक्खू सरकार 11 दिसंबर को सुजानपुर से योजना करेगी शुरू।

  2. 3.50 लाख महिलाओं को ₹1500 मासिक, 300 यूनिट मुफ्त बिजली।

  3. गलत जानकारी देने पर होगी वसूली और कानूनी कार्रवाई।

राज्य ब्यूरो, शिमला। सुक्खू सरकार के चार साल पूरे होने पर हमीरपुर के सुजानपुर में 11 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम से मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना की शुरुआत होगी। इसके लिए पात्र परिवारों का चयन पहले ही कर लिया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत गरीब परिवारों की 3.50 लाख चयनित महिलाओं को हर महीने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपये मासिक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 

ग्रामीण विकास विभाग की तरफ से जारी की गई अधिसूचना और दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकार इस योजना के जरिये दो साल के भीतर कमजोर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति और वित्तीय मजबूती में ठोस बदलाव लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। 300 यूनिट निश्शुल्क बिजली उपलब्ध करवाने का भी प्रविधान है। 

विभागों की जिम्मेदारियां तय

योजना में विभागों की जिम्मेदारियां भी सख्ती से तय की गई हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग नोडल विभाग के तौर पर सत्यापित लाभार्थी डेटाबेस तैयार कर साझा करेगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत ईसोमसा (अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों, अल्पसंख्यकों और विशेष रूप से पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण निदेशालय) द्वारा पात्र महिलाओं के आधार-संबद्ध बैंक खातों में डीबीटी के जरिये 1500 रुपये भेजे जाएंगे।

एसडीएम तैयार करवाएंगे प्लान

उपमंडल अधिकारी यानी एसडीएम प्रत्येक लाभार्थी परिवार की जरूरत के हिसाब से हाउसहोल्ड डेवलपमेंट प्लान तैयार करवाएंगे और लागू करेंगे, जिसकी जिलास्तर पर उपायुक्त निगरानी करेंगे। पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया एमएमएपी पोर्टल के जरिये डिजिटल होगी, जिसमें हर बदलाव का स्थायी इलेक्ट्रॉनिक रिकार्ड और आडिट ट्रेल दर्ज रहेगा।

गलत जानकारी दी तो होगी वसूली

योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए सोशल आडिट, निरीक्षण और तीसरे पक्ष से मूल्यांकन का रास्ता भी खुला रखा गया है। यदि कोई महिला या परिवार गलत जानकारी, धोखाधड़ी या दोहरे लाभ के जरिये रकम लेता पाया गया, तो सुनवाई का अवसर देने के बाद वसूली के साथ-साथ कानूनी और विभागीय कार्रवाई तक की जा सकेगी।

अब सबकी नजरें सुजानपुर के मंच पर टिकी हैं, जहां से सरकार इस योजना को जमीनी धरातल पर उतारने का शंखनाद करेगी।

यह भी पढ़ें: CM सुक्खू के हलके नादौन में BDC अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की जीत, उपाध्यक्ष पद पर BJP ने एक वोट से मारी बाजी 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।