हिमाचल यूनिवर्सिटी में ABVP और SFI कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प, कई छात्र घायल; पुलिस ने संभाला मोर्चा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला परिसर में शनिवार सुबह एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प हो गई। इस मारपीट में कई छात्र घायल हुए।
HighLights
शिमला विश्वविद्यालय में एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं में झड़प हुई।
सुबह करीब पौने नौ बजे हुई मारपीट में कई छात्र घायल हुए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, मामले में कार्रवाई जारी है।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के परिसर में शनिवार को सुबह-सुबह माहौल गरमा गया। छात्र संगठन एबीवीपी और एसएफआई के कार्यकर्ताओ के बीच मारपीट हो गई। सुबह करीब पौने नौ बजे दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ता अचानक आमने-सामने आ गए व दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई। एसएफआई के करीब 20 कार्यकर्ता और एबीवीपी के करीब 15 कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प हुई। कई छात्रों को चोटें आई हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच बचाव किया। विश्वविद्यालय परिसर में लगातार माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। दोनों संगठन के कार्यकर्ता के एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
छात्राएं भी थीं शामिल
घटनाक्रम के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें छात्र गाली-गलौज करते हुए झड़प करते देखे जा सकते हैं। कुछ छात्राएं भी इस संघर्ष में शामिल थीं। मारपीट के दौरान कुछ कार्यकर्ता बचाव करते भी दिखे। देखते ही देखते अचानक छात्र कार्यकर्ता उग्र हो गए।
क्यों हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि छात्र संगठनों के बीच नारे लगाने या बैनर लगाने को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान कई छात्र चोटिल हुए हैं। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जा रही है।
