हिमाचल प्रदेश: सेना की वर्दी पहनकर खुद को अधिकारी बता रहा था 31 वर्षीय युवक, जांच में निकला होटल का कर्मचारी
कसौली पुलिस ने एक रिजॉर्ट कर्मी अर्पण कटोच को भारतीय सेना की फर्जी वर्दी पहनकर सैन्य अधिकारी का ढोंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
-1792909913475_m.webp)
सेना की वर्दी पहन कर फर्जी अधिकारी बना युवक गिरफ्तार, मामला दर्ज। फोटो सोर्स- सोशल मीडिया।
HighLights
कसौली में रिजॉर्ट कर्मी फर्जी सैन्य अधिकारी बनकर घूम रहा था
पुलिस ने गुप्त सूचना पर अर्पण कटोच को किया गिरफ्तार
फर्जी वर्दी और लिकर कैंटीन कार्ड भी हुआ बरामद
संवाद सहयोगी, सोलन। पर्यटन नगरी कसौली के एक रिज़ॉर्ट में काम करने वाले कर्मी को कसौली पुलिस ने भारतीय सेना की फर्जी वर्दी पहनकर घूमने व खुद को सैन्य अधिकारी बताने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस व स्टेट सीआईडी से मिली गुप्त सूचना के आधार पर उसको गिरफ्तार कर पुलिस थाना कसौली में बीएनएस की धारा 168 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
23 अक्टूबर को पुलिस को मिली सूचना के मुताबिक कोट गांव में एक व्यक्ति भारतीय सेना की वर्दी पहनकर खुद को थल सेना का अधिकारी बताता था। उसकी वर्दी पर सेना का बैज भी लगा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जांच में पता चला कि आरोपित कोट पंचायत में एक निजी होटल में काम करता है और सुनारडी गांव में किराये के मकान में रह रहा है। पुलिस ने शिनाख्त करके अर्पण कटोच निवासी गांव टिकरी, डाकघर डुहकी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा से पूछताछ करते हुए उसकी लोअर से सेना का एक लिकर कैंटीन कार्ड बरामद किया।
कार्ड पर लगी वर्दी वाली फोटो उसकी ही थी। कार्ड पर भी उसका नाम लिखा हुआ था। वह इस कार्ड व अपनी पहचान के संबंध में कोई भी जवाब नहीं दे पाया। इस पर उसको गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
