ऊना-अंब हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कट पर दूसरी लेन में आ रहे बाइक सवार को बस ने रौंदा
ऊना-अंब रोड पर वीरवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय बाइक सवार धर्मपाल की बस की चपेट में आने से मौत हो गई।

ऊना अंब हाईवे पर बस की नीचे आया बाइक सवार व मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट। जागरण
HighLights
ऊना-अंब रोड पर बस ने बाइक सवार को कुचला।
63 वर्षीय धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
एनएच कट पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
राकेश सूरज, ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में वीरवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। ऊना-अंब रोड पर बाइक सवार व्यक्ति को बस ने कुचल दिया। पतंजलि स्टोर के साथ पेट्रोल पंप के सामने वीरवार सुबह करीब आठ बजे यह हादसा हुआ। बस की चपेट में आने से 63 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार धर्मपाल निवासी ऊना की मौत हो गई।
हादसा एनएच पर बने कट के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल धर्मपाल को लोगों ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
कट पर पहले भी जता चुके हैं आपत्ति
स्थानीय लोगों के अनुसार इस कट को लेकर कई बार आपत्ति जताई जा चुकी है। कट के ठीक सामने शहर की एक बड़ी कॉलोनी के लिए रास्ता जाता है। ऐसे में सड़क की दूसरी ओर जाने के लिए अक्सर वाहनों की कतारें लग जाती हैं। वहीं, उल्टी दिशा से आने वाले वाहनों के कारण भी यहां लगातार हादसे का खतरा बना रहता है।
सुबह चुनौतीपूर्ण हो जाती है स्थिति
व्यस्त मार्ग होने के कारण सुबह और शाम के समय स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। लोगों ने इस स्थान पर यातायात व्यवस्था सुरक्षित बनाने और कट की स्थिति की समीक्षा करने की मांग उठाई है।