Women's Hockey World Cup: सविता पूनिया इंग्लैंड के सामने 'चट्टान' की तरह अड़ी, भारतीय टीम ने ड्रॉ के साथ नॉकआउट में पक्की की जगह
महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला खेला गया। मैच काफी रोमांचक रहा और भारतीय टीम ने ड्रॉ खेलकर अगले राउंड में जगह पक्की कर ली है।

भारतीय महिला हॉकी टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। गोलकीपर सविता पूनिया के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने विश्व कप 2026 के अगले राउंड में जगह बना ली है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। ड्रॉ खेलने के साथ ही टीम इंडिया ने अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
भारतीय महिला टीम विश्व कप में पूल डी में थी, जिसमें चीन, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमें शामिल थीं। भारत ने चीन के खिलाफ ड्रॉ खेला था, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल की थी। ऐसे में टीम इंडिया को अगले राउंड में पहुंचने के लिए कम से कम ड्रॉ खेलना था और भारतीय टीम ने वही कारनामा कर दिखाया।
पहले हाफ में दिखी दोनों टीमों में कड़ी टक्कर
भारतीय महिला और इंग्लैंड महिला टीम के बीच पहले हाफ में कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि, पहले क्वार्टर में इंग्लिश टीम ने भारत को तीन मौके दिए। इंग्लैंड ने खेल के चौथे मिनट में ही गलती की और भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि, भारतीय महिला टीम इस मौके का फायदा नहीं उठा सकी और गोल नहीं हो सका। इसके बाद सातवें और आठवें मिनट में भी टीम इंडिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन गोल नहीं हो सका।
पहले क्वार्टर में ही इंग्लैंड को 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वे भी गोल नहीं कर सकीं। 13वें मिनट में इंग्लैंड की सोफी हैमिल्टन को ग्रीन कार्ड दिया गया, जो 2 मिनट तक मैच से बाहर रहीं। दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने कई गलतियां की, जिससे इंग्लैंड को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वे भी गोल में तब्दील नहीं कर सकीं। पहले हाफ का खेल समाप्त होने से कुछ समय पहले ही इंग्लैंड की टेसा हॉवर्ड को येलो कार्ड दिया गया, जिससे वे 5 मिनट तक मैच से बाहर रहीं और इंग्लैंड को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
तीसरे क्वार्टर में भी दिखी रोमांचक जंग
तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच रोमांचक जंग देखने को मिली। दोनों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। हालांकि, भारतीय महिला टीम ने कई गलतियां की, जिसकी वजह से इंग्लैंड महिला टीम को 5 पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन अच्छी बात ये रही कि इसमें से कोई भी गोल में तब्दील नहीं हो सका। इस दौरान 42वें मिनट में भारत की इशिका चौधरी को ग्रीन कार्ड दिया गया, जिसकी वजह से वे 2 मिनट तक खेल से बाहर रहीं।
इंडिया वर्सेस इंग्लैंड मैच हुआ ड्रॉ
चौथे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि, दोनों टीमों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। भारत की सविता पुनिया ने कमाल की गोलकीपिंग की, जिससे इंग्लैंड के सभी मंसूबे फेल हो गए। भारत को अगले राउंड में पहुंचने के लिए ड्रॉ ही काफी था और महिला टीम ने ऐसा ही किया। अभ टीम इंडिया ने अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
