विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Hockey World Cup 2026: भारतीय बेटियों का बड़ा धमाका, साउथ अफ्रीका को 6-1 से रौंदकर बनीं नंबर-1

Updated: Tue, 18 Aug 2026 08:25 PM (IST)

भारतीय महिला हॉकी टीम ने वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका को 6-1 से हराकर पूल 'डी' में शीर्ष स्थान हासिल किया। चीन के खिलाफ ड्रॉ के बाद यह जीत टीम के लिए महत्वपूर्ण थी।

भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो: हॉकी इंडिया)

भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो: हॉकी इंडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में चीन के खिलाफ ड्रॉ के बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की है। भारतीय महिला टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एकतरफा जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला नीदरलैंड्स के वैगनर हॉकी स्टेडियम, एम्सटेलवीन में खेला गया। मैच में टीम इंडिया ने अफ्रीकी टीम को आसपास भी नहीं आने दिया।

भारतीय टीम अगर इस मुकाबले में हारती, तो उनके ऊपर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगता। करो या मरो जैसे मैच में भारत की बेटियों ने अपनी पूरी जान झोंक दी और अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया। भारत ने चीन के खिलाफ मुकाबला 2-2 से ड्रॉ किया था और इसी वजह से टीम इंडिया के लिए मैच में जीत जरूरी हो गई थी। सलीमा टेट की कप्तानी वाली टीम ने ये कारनामा कर दिखाया।

पहले क्वार्टर में ही हावी हुई टीम इंडिया

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले क्वार्टर में ही टीम इंडिया हावी हो गई। भारत को सातवें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टेटे की कप्तानी वाली टीम इसे भुनाने से चूक गई। इसके बाद सुनेलिता ने 11वें मिनट में पहला गोल दागा और टीम इंडिया को पहले ही क्वार्टर में बढ़त दिला दी। भारतीय डिफेंडरों ने कमाल किया और अफ्रीकी टीम को पहले क्वार्टर में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

दूसरे क्वार्टर में ही भारत ने बनाई पकड़

दूसरे क्वार्टर में टीम इंडिया ने और भी आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। भारत के लिए 17वें मिनट में नवनीत कौर ने दूसरा गोल किया और इसी के साथ टीम इंडिया की बढ़त भी 2-0 हो गई। 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन महिला टीम एक बार फिर गोल नहीं कर सकी। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में ही 25वें मिनट में फिर से पीसी मिला और सुशीला चानू ने गोल दागकर बढ़त को 3-0 कर दिया। पहला हाफ समाप्त होने तक टीम इंडिया ने 3-0 से मजबूत बढ़त बना ली थी।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने दागे तीन गोल

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम की आंधी देखने को मिली। उन्होंने इसमें तीन गोल दागे और टीम इंडिया ने लगभग मुकाबला तीसरे क्वार्टर में ही जीत लिया था। 38वें मिनट में दीपिका, 44वें मिनट में लालरेम्सियामी हमारजोटे और 45वें मिनट में साक्षी राणा ने गोल दागे।

भारत ने जीता मुकाबला

चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। साउथ अफ्रीका ने खेल के 55वें मिनट में गोल दागा। मैच को भारतीय महिला हॉकी टीम ने 6-1 से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ टीम इंडिया पूल 'डी' में अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है।

यह भी पढ़ें- IND vs PAK Hockey World Cup Live Streaming: हॉकी वर्ल्ड कप में टकराएंगे भारत और पाकिस्तान, जानिए कहां देख सकते हैं मैच

यह भी पढ़ें- Hockey World Cup 2026: भारतीय टीम इंग्‍लैंड से हार के बाद भी खेलेगी नॉकआउट! पूरा गणित समझें