Hockey World Cup: आत्मविश्वास से भरी भारतीय महिला टीम की नजर बड़ी जीत पर, दक्षिण अफ्रीका से होगी भिड़ंत
भारतीय महिला हॉकी टीम ने विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में चीन को बराबरी पर रोका और अब उसका सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारतीय महिलाएं एक खास लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम
HighLights
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विश्व कप का मैच
भारत पूल डी में शीर्ष दो में जगह बनाना चाहेगा
भारत ने चीन को 2-2 के स्कोर पर रोका था
प्रेट्र, एम्स्टेलवीन। ओलिंपिक रजत पदक विजेता और विश्व की चौथे नंबर की टीम चीन को बराबरी पर रोकने के बाद आत्मविश्वास से भरी भारतीय महिला हॉकी टीम मंगलवार को विश्व कप के अपने दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध उतरेगी।
भारत की नजर पूल डी में शीर्ष दो में जगह मजबूत करने पर होगी। विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज भारत ने टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मुकाबले में मजबूत चीनी टीम के विरुद्ध अनुशासित प्रदर्शन करते हुए 2-2 से ड्रॉ खेला। इस नतीजे से भारत को महत्वपूर्ण एक अंक मिला और दूसरे दौर में पहुंचने की उसकी स्थिति मजबूत हुई है।
इंग्लैंड चार अंक के साथ पूल डी में शीर्ष पर है। उसने दक्षिण अफ्रीका को 4-0 से हराया था। चीन और भारत क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर है। सेमीफाइनल की दौड़ में प्रत्येक पूल की शीर्ष दो टीमें दूसरे दौर में पहुंचेंगी, जहां उन्हें दो ग्रुप (ई और एफ) में चार-चार टीमों में बांटा जाएगा।
दूसरे दौर में प्रत्येक टीम का सामना उन टीमों से होगा, जिनसे उसने पहले दौर में मुकाबला नहीं किया था। पहले दौर में आगे बढ़ने वाली टीम के विरुद्ध हासिल किया गया परिणाम दूसरे दौर में भी जारी रहेगा।
इसका मतलब है कि अगर भारत और चीन दूसरे दौर में पहुंचते हैं तो उनका दोबारा मुकाबला नहीं होगा और आपस में ड्रॉ से मिले दोनों टीमों के एक-एक अंक अगले दौर में जुड़े रहेंगे। ऐसे में मंगलवार का मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है।
18वीं रैंकिंग वाली दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध जीत से भारत के शीर्ष दो में रहने की संभावनाएं मजबूत होंगी और अंतिम पूल मुकाबले से पहले टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें- FIH Women's World Cup: ओलिंपिक सिल्वर मेडलिस्ट टीम के छूटे पसीने, चीन को भारत ने बराबरी पर रोका
यह भी पढ़ें- IND vs ENG, Hockey World Cup 2026 Live Score: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाई बढ़त, दिलप्रीत ने दागा गोल
