हॉकी में सोने पर सुहागा, विमंस के बाद मेंस टीम ने गोल्ड जीतकर 2028 ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई किया
कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से भारत ने शनिवार को मलेशिया को एकतरफा फाइनल में 5-1 से ...और पढ़ें

हॉकी टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक स्वर्णिम जीत के जश्न की चमक फीकी भी नहीं पड़ी थी कि अगले ही शनिवार को पुरुष टीम ने फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की खुशी को दोगुना कर दिया। हॉकी प्रेमियों के लिए यह जीत सोने पर सुहागा जैसी रही।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से भारत ने शनिवार को मलेशिया को एकतरफा फाइनल में 5-1 से हराकर एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी स्पर्धा का स्वर्ण बरकरार रखा। इसी जीत के साथ 2028 ओलिंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
शुक्रवार को महिला टीम ने गत चैंपियन और ओलिंपिक रजत पदक विजेता चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण जीता और ओलिंपिक का टिकट कटाया था। इस जीत के साथ लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाला पाकिस्तान के बाद भारत दूसरा देश बन गया।
यह पहली बार हुआ है कि एक ही एशियाई खेलों में भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने स्वर्ण जीता है। पिछले महीने नीदरलैंड्स और बेल्जियम में विश्व कप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद हरमनप्रीत सिंह की टीम ने शानदार वापसी की। कप्तान हरमनप्रीत (11वें और 57वें मिनट), जुगराज सिंह (23वें), हार्दिक सिंह (42वें) और शिलानंद लाकड़ा (54वें) ने भारत के लिए गोल दागे।
मलेशिया के लिये एकमात्र गोल 14वें मिनट में शेलो सिल्वेरियस ने किया। हरमनप्रीत ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12 गोल दागे। इसके साथ ही वह लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए। भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह तीन एशियाई खेलों में खिताब जीतने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बन गए। वह 2014 और 2022 खेलों में स्वर्ण पदक विजेता टीम का भी हिस्सा थे। भारत को मैच में 14, जबकि मलेशिया को दो बार पेनाल्टी कार्नर मिले।
भारत ने कब-कब जीता स्वर्ण
- साल, बनाम
- 1966, पाकिस्तान
- 1998, दक्षिण कोरिया
- 2014, पाकिस्तान
- 2022, जापान
- 2026, मलेशिया
नंबर गेम
14वीं बार भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंची थी, जिसमें पांच बार विजेता और नौ बार उपविजेता रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।