वैष्णो देवी धाम पर बड़े बदलाव: महंगा हुआ हेलीकॉप्टर का किराया, शिवखोड़ी तक बढ़ेगी उड़ान; देखें 6 बड़े एलान
Vaishno Devi Yatra News: वैष्णो देवी यात्रा में 1 नवंबर से हेलीकॉप्टर सेवा महंगी हो जाएगी, किराए में लगभग 15% की बढ़ोतरी की जाएगी।
-1788681872294_m.webp)
वैष्णो देवी धाम पर हेलीकॉप्टर सेवा महंगी (फाइल फोटो)
HighLights
हेलीकॉप्टर किराया 15% बढ़कर 1 नवंबर से लागू होगा
नए हेलीपैड, रोपवे और RFID कार्ड प्रणाली मजबूत होगी
श्रद्धालुओं को पंचमेवा प्रसाद और क्रूज रेस्तरां सुविधा
डिजिटल डेस्क, उधमपुर। Vaishno Devi Yatra News: वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक जरूरी खबर है। अब हेलीकॉप्टर सेवा लेने के लिए अधिक रुपये देने पड़ेंगे। कंपनियां करीब 15 फीसदी की बढ़ोतरी करेगी। नए नियम शारदीय नवरात्र के बाद एक नवम्बर से लगू हो सकते हैं।
मौजूदा समय में जहां एक तरफ का किराया 2320 रुपये लगता है। वहीं, किराया बढ़ने के बाद यह राशि 2700 रुपये हो सकती है। करीब 380 रुपये का इजाफा होगा।
दूसरी ओर, जहां दोनों तरफ का किराया 4650 रुपये देना होता है। वह किराया 5400 रुपये हो जाएगा (Vaishno Devi Helicopter Fare) यानी 790 रुपये की बढ़ोतरी। किराए में बढ़ोतरी का कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी बताई जा रही है। इसी के साथ वैष्णो देवी धाम पर और भी बदलाव होने जा रहे हैं।
आइए सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं कि माता वैष्णो देवी धाम की यात्रा में कौन-कौन से 6 बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं या हाल ही में हुए हैं...
1. नए हेलीपैड से शुरू होगी सेवा
नवरात्र के आसपास हेलीकॉप्टर सेवा ताराकोट मार्ग के पास नवनिर्मित हट हेलीपैड से शुरू होगी। इस हेलीपैड से भविष्य में कटड़ा से शिवखोड़ी के बीच भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होनी है।
शिवखोड़ी भगवान शिव को समर्पित धाम है। मौजदा समय में कटड़ा से सांझी छत्त के बीच हेलीकॉप्टर सेवा कटड़ा के सेरली हेलीपैड से संचालित होती है।
2. नई रोपवे परियोजनाओं पर तेजी
भवन से लेकर भैरव घाटी के बाद अब यात्रियों की सुविधा के लिए कटड़ा से वैष्णो देवी धाम तक रोपवे लगाया जा रहा है। इस परियोजना की लागत 350 करोड़ रुपये है।
3. RFID कार्ड और डिजिटल ट्रैकिंग
वहीं, यात्रा रजिस्ट्रेशन को और सुरक्षित और आसान बनाने के लिए RFID कार्ड प्रणाली को मजबूत और सख्त किया जा रहा है। अब बिना आरएफआईडी कार्ड के कोई भी यात्री बाणगंगा चेकप्वाइंट से आगे नहीं बढ़ सकता। आरएफआईडी कार्ड यात्री की हर गतिविधि को ट्रैक करता है।
4. श्रद्धालुओं को पंचमेवा प्रसाद
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए एक उत्तम पहल की है। माता रानी के चरण में अर्पित करने और वितरित करने के लिए विशेष पंचमेवा प्रसाद प्रदान भक्तों के बीच वितरित किया जाता है। इसमें ऑरेंज कलर की एक खास पैकेजिंग होती है। जिसमें सूखे मेवे, पवित्र मौली और मां वैष्णो देवी के आशीर्वाद का प्रतीक अंकित विशेष सिक्का शामिल होता है।
5. चिनाब नदी के किनारे क्रूज रेस्तरां
वहीं, माता वैष्णो देवी और शिवखोडी आने वाले श्रद्धालु अब दर्शन के बाद चिनाब नदी की ठंडी हवाओं में जायकेदार खाने का लुत्फ उठा सकेंगे। पौनी मार्ग पर चिनाब ब्रिज पर पुल के पास क्रंची क्रूज रेस्तरां खोला गया है, जहां श्रद्धालुओं को वेज और स्वादिष्ट खाना परोसा जाएगा।
6. हेलीकॉप्टर टिकट महंगा
एक नवंबर से श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट महंगा खरीदना होगा। मौजूदा समय में यहां रोजाना दो कंपनियों के 70 हेलीकॉप्टर यहां अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सामान्य दिनों में दोनों कंपनियों के हेलीकॉप्टर रोजना 60 से 70 उड़ानें भरते हैं।
सेवा रोज सुबह करीब सात बजे से शाम पांच बजे तक सुचारू रहती है। हालांकि, मौसम को देखते हुए समय-समय पर सेवाएं सस्पेंड भी की जाती हैं। लेकिन आधिकारिक समय सात से पांच बजे तक के बीच है।
एक समय में हेलीकॉप्टर में करीब पांच से छह श्रद्धालु सवार होते हैं। सांझीछत्त से मां वैष्णो के भवन की दूरी करीब दो किलोमीटर है। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं के लिए घोड़ा-पिट्ठू और पालकी की सुविधा भी उपलब्ध रहती है।
कैसे करें टिकट बुक?
वैष्णो देवी के हेलीकॉप्टर की ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर दिए गए स्लॉट के अनुसार बुक कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग से हैं परेशान? हरियाणा रोडवेज की बस से तय करें सफर; किराया सिर्फ 600 रुपये
यह भी पढ़ें- Vaishno Devi Yatra: बारिश में भी मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी, सभी मार्ग खुले; हेलीकाप्टर सेवा प्रभावित रही
