विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी जाने का बना रहे हैं प्लान? त्योहारों के चलते श्रद्धालुओं की संख्या घटी, जानें यात्रा का ताजा हाल

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:40 PM (IST)

मौसम साफ होने से मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिल रही ...और पढ़ें

भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो: जागरण

भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो: जागरण

HighLights

  1. मौसम साफ होने से मां वैष्णो देवी यात्रा सुचारू रूप से जारी।

  2. दीपावली के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में अस्थायी गिरावट संभव।

  3. भैया दूज के बाद यात्रा में फिर से बढ़ोतरी की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। मौसम सामान्य होने के साथ ही मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। आसमान साफ रहने और दिनभर धूप खिलने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत मिल रही है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मां के जयकारे लगाते हुए परिवार और मित्रों सहित भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। सोमवार को भी कटड़ा से लेकर मां के भवन तक यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

सोमवार को दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, मौसम में बदलाव के कारण ठंडी हवाएं चलती रहीं, लेकिन इसका श्रद्धालुओं के उत्साह पर कोई खास असर नहीं पड़ा। कटड़ा पहुंचने के बाद श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां के दर्शन के लिए रवाना होते रहे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनकी मदद से श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार यात्रा कर रहे हैं।

त्योहारों के चलते यात्रा में गिरावट की संभावना

सोमवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली थी। अब दीपावली सहित अन्य त्योहार नजदीक आने के कारण आगामी दिनों में यात्रा में और कमी आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, भैया दूज के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में दोबारा बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

वहीं, मां के दिव्य दर्शन करने के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु वापस कटड़ा लौट रहे हैं और यहां के बाजारों में खरीदारी भी कर रहे हैं। इससे नगर के बाजारों में रौनक बनी हुई है और स्थानीय दुकानदारों को भी लाभ मिल रहा है।

तीन बजे तक 14 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

यात्रा संबंधी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार, 26 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भी कटड़ा पहुंचने और पंजीकरण करवाने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी रहा। मौसम सामान्य रहने और यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से श्रद्धालु सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।