JSSC-CGL परीक्षा घोटाला: CID ने दुगदा से रितेश सिंह को उठाया, अब तक 37 गिरफ्तार
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में सीआईडी ने दुगदा निवासी रितेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।

JSSC-CGL Scam में बोकारो के दुग्धा से रितेश कुमार सिंह गिरफ्तार। (एआइ फोटो)
HighLights
सीआईडी ने JSSC-CGL प्रश्नपत्र लीक मामले में रितेश सिंह को गिरफ्तार किया।
दुगदा निवासी रितेश पर 30 से अधिक अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाने का आरोप।
इस मामले में अब तक कुल 37 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
जागरण संवाददाता, बेरमो (बोकारो)। JSSC-CGL Scam: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक एवं अनियमितता के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की विशेष जांच टीम ने एक दुगदा निवासी रितेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
रितेश कुमार की गिरफ्तारी गुरुवार को हुई। इनकी गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक 37 आरोपितों को जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
गिरफ्तार रितेश कुमार सिंह दुगदा कोल वाशरी के सेवानिवृत्त कर्मी योगेंद्र सिंह का पुत्र बताया जाता है। उसका आवास दुगदा की जी-टाइप आवासीय कॉलोनी में है। योगेंद्र सिंह करीब दस वर्ष पूर्व दुगदा कोल वाशरी से सेवानिवृत्त हुए हैं।
रितेश मूल रूप से बिहार के भोजपुर का रहने वाला बताया जाता है और लंबे समय से दुगदा में रह रहा था। जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, अपराध अनुसंधान विभाग ने रितेश को पूछताछ के लिए रांची बुलाया था।
पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, रितेश पर 30 से अधिक अभ्यर्थियों को बोकारो और आसपास के क्षेत्रों में ले जाकर परीक्षा से पहले प्रश्न-उत्तर रटवाने का आरोप है।
इनमें कई अभ्यर्थियों के परीक्षा में सफल होने की बात भी जांच में सामने आई है। जांच के दौरान रितेश, संबंधित अभ्यर्थियों और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी के लोगों के बीच हुए वित्तीय लेनदेन से संबंधित साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। मामले में वित्तीय लेनदेन समेत अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है।
