'राखी सावंत के साथ मंच साझा करेंगे राहुल गांधी', DUSU Election Result पर निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर हमला
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने DUSU Election Result 2026 पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है।
डिजिटल डेस्क, रांची। भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने DUSU नतीजे पर कांग्रेस पर हमला किया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि पूरे देश भर में 'झूठ की गूंज' चारों तरफ चल रही थी। राहुल गांधी को सुनने के लिए कोई आने को तैयार नहीं है। वो 100 से ज्यादा चुनाव हार चुके हैं।
उन्होंने कहोंने 19 सितंबर को इंदौर में कांग्रेस के कार्यक्रम पर कमेंट करते हुए कहा, "कल देखा कि स्टैंड अप कॉमेडियन को लेकर इंदौर में घूम रहे हैं। मैंने एक दिन कहा था कि किसी दिन ऐसा हो सकता है कि वो बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय अदाकारा राखी सावंत के साथ राहुल गांधी मंच साझा करते हुए नजर आ जाएंगे क्योंकि लोग तो आते नहीं हैं।"
DUSU Election Result 2026 पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अभी दिल्ली छात्र संघ का चुनाव हुआ और दिल्ली छात्र संघ का चुनाव तय करता है कि देश के युवाओं का मन और मिजाज क्या है।
निशिकांत ने कहा कि कल जो नतीजे आए उसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने क्लीन स्वीप किया। इसका मतलब है कि आज भी युवा संघ की विचारधारा एवं मोदी जी की नीतियों के साथ है और मोदी जी के नेतृत्व में ही काम करना चाहते हैं। इसका केवल एक ही प्रतिफल है और यह पूरे विपक्ष को और खासकर राहुल गांधी जी को समझ लेना चाहिए।
DUSU चुनाव ने कांग्रेस को दिया झटका
विपक्ष के नेता राहुल गांधी छात्रों को अपनी ओर खींचने के लिए पूरे देश में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम कर रहे हैं। शनिवार को उनका कार्यक्रम मध्य प्रदेश के इंदौर में था, लेकिन कार्यक्रम के आगाज के एक घंटे पहले दिल्ली से ऐसा संदेश गया, जो उनको मायूसी देने वाला था।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में 11 वर्ष बाद पहली बार पार्टी की छात्र इकाई चारों खाने चित्त थी और उसका सुपड़ा साफ था। उसके चारों प्रत्याशी ने हार दर्ज की।
इस रिजल्ट के बाद जहां कांग्रेस की कैंपेन को झटका लगा है, वहीं बीजेपी एक बार फिर कांग्रेस पर हमलावर हो गई है।
समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ
यह भी पढ़ें- क्या फेल हो गई राहुल गांधी की 'छात्रों की गूंज'? 11 साल बाद DUSU में NSUI का सूपड़ा साफ, चारों प्रत्याशी हारे
यह भी पढ़ें- DUSU Election 2026: बिहार के लाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में लहराया परचम, 250 वोटों से हासिल की जीत
