रेलवे में 'जुगाड़ ट्रांसफर-पोस्टिंग' पर रेड सिग्नल, अनौपचारिक तबादले पर लगाम; पूर्व मध्य रेल का सख्त आदेश
पूर्व मध्य रेल ने 'जुगाड़ ट्रांसफर-पोस्टिंग' पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। अब कर्मचारियों के अस्थाई ट्रांसफर के लिए कार्मिक विभाग की स्वीकृति अनिवार्य होगी, जिससे अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा।

ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर मिली शिकायत के बाद पूर्व मध्य रेल ने जारी किया आदेश।
HighLights
पूर्व मध्य रेल ने 'जुगाड़ ट्रांसफर-पोस्टिंग' पर सख्त रोक लगाई।
अस्थाई ट्रांसफर के लिए अब कार्मिक विभाग की मंजूरी अनिवार्य।
अनियमित ट्रांसफर प्रथा को तुरंत बंद करने का आदेश जारी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। रेलवे में ट्रांसफर- पोस्टिंग की जुगाड़ व्यवस्था पर ब्रेक लग गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल मुख्यालय ने धनबाद समेत सभी रेल मंडलों को पत्र जारी कर दिया है। वरीय मंडल विद्युत अभियंता परिचालन को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कर्मचारियों के अस्थाई ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर पूर्व मध्य रेल के विभिन्न मंडलों से कई शिकायतें मिली हैं। यह प्रथा नियमों के अनुरूप नहीं है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए।
देखा गया है कि कर्मचारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान बिना कार्मिक विभाग की सहमति के अस्थाई रूप से ट्रांसफर पोस्टिंग की जा रही है। कोई भी अस्थाई ट्रांसफर पोस्टिंग अब सक्षम अधिकारी की मंजूरी और कार्मिक विभाग के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना नहीं होगा।
सभी सीनियर सीनियर डीईई (आपरेशन)को सख्ती से यह सुनिश्चित करना होगा कि बिना पूर्व अनुमोदन और कार्मिक विभाग की उचित भागीदारी के कोई अस्थाई ट्रांसफर नहीं किए जाएं।
रांची-दुमका इंटरसिटी अब प्लेटफार्म चार, बीकानेर-हावड़ा दो पर
रांची से दुमका के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का धनबाद स्टेशन पर स्थाई तौर पर प्लेटफार्म बदल दिया गया है। शाम 6:05 पर धनबाद आनेवाली ट्रेन अब प्लेटफार्म एक के बदले प्लेटफार्म चार पर आएगी। बताया जा रहा है कि गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और रांची-दुमका-रांची इंटरसिटी कम समय के अंतराल में प्लेटफार्म संख्या एक पर आने से यात्रियों को परेशानी हो रही थी।
इसके मद्देनजर इंटरसिटी का प्लेटफार्म बदल कर एक से चार कर दिया गया है। दूसरी ओर, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस अब प्लेटफार्म एक के बदले दो पर आएगी। तकनीकी कारणों से यह बदलाव किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।