'हमें भी ठंड लगती है...' झारखंड के 57 स्कूलों में अब तक नहीं मिला स्वेटर; धूप में बैठकर पढ़ने को मजबूर बच्चे
झारखंड के भवनाथपुर और केतार प्रखंड के सरकारी स्कूलों में बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अब तक स्वेटर नहीं मिल पाए हैं, जिससे वे कड़ाके की ठंड में बिना स्वेटर के पढ़ाई करने को मजबूर हैं। यह स्थिति विभागीय उदासीनता और सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाती है।

राज्यकीय माध्यमिक उच्च विद्यालय अरसली उतरी में धूप में बैठकर पढ़ाई करते विद्यार्थी। (फोटो- जागरण)
HighLights
सरकारी स्कूलों में बच्चों को अब तक स्वेटर नहीं मिले।
कड़ाके की ठंड में बच्चे बिना स्वेटर पढ़ाई करने को मजबूर।
संवाद सूत्र, भवनाथपुर (गढ़वा)। भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बावजूद इसके प्रखंड के 57 सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मिलने वाली सरकारी सहायता समय पर कभी नहीं मिल पा रहा है। चाहे वह किताब-कापी हो फिर ड्रेस हो या मिलने वाली अन्य सुविधाएं।
सरकारी स्कूलों में अब तक स्वेटर उपलब्ध नहीं कराया गया है। विभागीय उदासीनता का आलम यह है कि स्वेटर खरीदने के लिए न तो बच्चों के खाते में राशि पहुंची है और न ही स्वेटर की खरीदारी हो सकी है। इसका खामियाजा गरीब परिवारों के छोटे-छोटे बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि ठंड से बचने के लिए बच्चे विद्यालय परिसर में धूप के नीचे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। दूसरी ओर निजी विद्यालयों के बच्चे सभी संसाधनों से लैस होकर इस बढ़ती ठंड में स्वेटर और ब्लेजर पहनकर स्कूल पहुंच रहे हैं।
सरकारी और निजी विद्यालयों के बच्चों के बीच यह अंतर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के मन में हीनभावना पैदा कर रहा है। सरकार बच्चों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने का दावा करती है, लेकिन ठंड से बचाव जैसी बुनियादी सुविधा भी समय पर नहीं मिलना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
यह स्थिति सरकारी और निजी शिक्षा व्यवस्था के बीच की खाई को उजागर करती है। सवाल है कि आखिर सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को समय पर सुविधाएं क्यों नहीं मिलतीं। क्या सरकारी विभागीय अधिकारियों को इन बच्चों की परेशानी दिखाई नहीं देती। ठंड के इस मौसम में स्वेटर वितरण में देरी बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और उनके आत्मसम्मान तीनों को प्रभावित कर रही है।

नवंबर बीतने को, अब तक बच्चों को नहीं मिला स्वेटर, ठंड में ठिठुरकर स्कूल जाने को मजबूर
नवंबर माह अंतिम चरण में पहुंच चुका है और ठंड ने भी दस्तक दे दी है, लेकिन सरकारी लापरवाही के कारण केतार प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में अब तक छात्र-छात्राओं को स्वेटर उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। इसके कारण गरीब परिवारों के बच्चों को कड़ाके की ठंड में बिना स्वेटर के ही विद्यालय जाना पड़ रहा है। सुबह के समय बढ़ती ठंड के बीच छोटे-छोटे बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ठंड से बच्चों को बचाने के लिए कई विद्यालयों में शिक्षक खुले मैदान में धूप के बीच बच्चों को बैठाकर पढ़ाने को मजबूर हैं। शिक्षकों का प्रयास है कि बच्चों को ठंड से बचाते हुए पढ़ाई जारी रखी जा सके। वहीं, अभिभावकों के बीच भी बच्चों को स्वेटर नहीं मिलने को लेकर चिंता बनी हुई है। नवंबर माह समाप्त होने को है, लेकिन स्वेटर वितरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि केतार प्रखंड संसाधन केंद्र के अंतर्गत कुल 45 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें कक्षा एक से लेकर आठ तक में कुल 7,821 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को अब तक स्वेटर नहीं मिलना शिक्षा विभाग की तैयारी पर सवाल खड़ा कर रहा है। ठंड बढ़ने के साथ ही अभिभावक और शिक्षक जल्द से जल्द बच्चों को स्वेटर की राशि खाते में उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
प्रखंड के आधे से अधिक विद्यालय बच्चों की सूची विभाग को दी जा चुकी है। शेष विद्यालयों से नामांकित बच्चों की सूची की मांग की गई है।
- अरुण कुमार, लेखापाल बीआरसी केतार।
यह भी पढ़ें- न घर गई मासूम और ना ही स्कूल..., एक महीने बाद भी खौफ; पंचकूला में तीसरी कक्षा के छात्र ने किया था हमला
यह भी पढ़ें- कड़ाके की ठंड के बीच कश्मीर में विंटर वेकेशन का एलान, 3 महीने तक बंद रहेंगे स्कूल; देखें पूरा शेड्यूल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।