विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में खौफनाक वारदात: खाना नहीं बनाने पर पत्नी की हत्या, पूरी रात लाश के बगल में सोता रहा पति

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:20 PM (GMT+05:30)

हजारीबाग के मंडई मोहल्ले में एक पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी सुरेंद्र भुइंया ने खाना न बनाने पर हुए झगड़े के बाद वारदात को अंजाम दिया और बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या का आरोप (AI Generated Image)

पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या का आरोप (AI Generated Image)

HighLights

  1. हजारीबाग में पति ने पत्नी की चाकू से गला रेता।

  2. खाना न बनाने को लेकर हुआ था पति-पत्नी में विवाद।

  3. आरोपी सुरेंद्र भुइंया गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

संवाद सूत्र, हजारीबाग। मंडई मोहल्ले में घरेलू विवाद के बाद एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना 20 नवंबर की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि सुरेंद्र भुइंया ने अपनी पत्नी उषा देवी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद वह पूरी रात घर में पत्नी के शव के साथ सोता रहा। अगले दिन सुबह पत्नी की मौत की जानकारी देते हुए मोहल्ले में शोर मचाया और फिर मौके से फरार हो गया।

खाना नहीं बनाने पर हुआ विवाद

लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा के अनुसार, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि पत्नी के खाना नहीं बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

इसके बाद वह शराब पीकर घर लौटा। उस समय पत्नी सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

छापामारी कर पुलिस ने दबोचा

सुबह महिला की मौत की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने लोहसिंघना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र भुइंया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।