कैंसर मरीजों के लिए सामने आई जमशेदपुर की 11 वर्षीय बच्ची, बाल दान करने का रिकॉर्ड बनाना चाहती हैं माया
जमशेदपुर की 11 वर्षीय माया कोह ने दूसरी बार कैंसर मरीजों के लिए अपने बाल दान किए हैं। वह अपनी नानी से प्रेरित होकर यह नेक काम कर रही हैं और अब विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखती हैं।

माया कोह। जागरण
HighLights
जमशेदपुर की माया कोह ने दूसरी बार बाल दान किए।
कैंसर मरीजों के लिए विग बनाने में मदद मिलेगी।
माया अब बाल दान में विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए उम्र नहीं, बड़ा दिल होना जरूरी है। इसे साबित किया है लोयोला स्कूल की कक्षा छह की 11 वर्षीय छात्रा माया कोह ने।
माया ने दूसरी बार कैंसर मरीजों की मदद के लिए अपने बाल दान किए हैं। उसके इस छोटे से कदम के पीछे बड़ी सोच और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता छिपी है।
माया ने पहली बार नौ वर्ष की उम्र में, करीब डेढ़ साल पहले अपने बाल दान किए थे। उस समय ही उसने दोबारा बाल दान करने का संकल्प लिया था। इसके बाद उसने धैर्यपूर्वक अपने बाल बढ़ाए और अब फिर उन्हें दान कर दिया।
माया के बाल दान करने की प्रेरणा उसकी नानी की इच्छा से जुड़ी है। नानी भी अपने बाल दान करना चाहती थीं, लेकिन छोटे बाल होने के कारण ऐसा नहीं कर सकीं।
उनकी इच्छा पूरी करने के लिए माया ने पहली बार यह पहल की थी। इस बार उसने खुद महसूस किया कि उसके बाल किसी कैंसर मरीज के चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास लौटा सकते हैं।
माया ने मुंबई की संस्था कोप विद कैंसर-मदद चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से बाल दान किए हैं। इनसे उन मरीजों के लिए विग तैयार की जाएगी, जिनके उपचार के दौरान बाल झड़ गए हैं।
माया के माता-पिता दिव्या और झी चोंग कोह को बेटी की पहल पर गर्व है। उनका कहना है कि माया ने डेढ़ साल तक एक उद्देश्य के लिए बाल बढ़ाए।
माया अब बाल दान करने के मामले में विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती है। साथ ही अपनी उम्र के बच्चों को भी इस नेक काम के लिए प्रेरित करना चाहती है।