हेमंत सरकार ने छात्रों को दी सौगात, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विकास के लिए मिले 200 करोड़ रुपये
राज्य सरकार ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विकास के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह राशि नए डिग्री कॉलेजों के निर्माण और मौजूदा कॉलेजों के विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी। गढ़वा, जामताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गोड्डा और गिरिडीह में नए कॉलेज बनेंगे।
-1762003895993.webp)
हेमंत सोरेन ने दी सौगात। (जागरण)
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार ने विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत कॉलेजों के विकास तथा नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने अलग-अलग योजनाओं के तहत इस राशि की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इनमें कुछ योजनाएं पीएम-उषा कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित हैं।
राज्य सरकार ने गढ़वा के मेराल में डिग्री कॉलेज के भवन निर्माण के लिए 15 करोड़, जामताड़ा के नाला में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए 15.76 करोड़, पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए 9.99 करोड़ की राशि स्वीकृत की है।
वहीं, रांची के सिल्ली में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए 25 करोड़, गोड्डा के ठाकुरगंगटी में डिग्री कॉलेज के लिए 39.21 करोड़ तथा गिरिडीह के बगोदर में डिग्री कॉलेज के भवन निर्माण के लिए 1.04 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की है।
वहीं, खूंटी में नए डिग्री महिला कॉलेज के निर्माण के लिए 58 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है। इसी तरह, चतरा स्थित महिला कॉलेज में छात्रावास के निर्माण के लिए 9.98 करोड़ तथा सीबी कॉलेज, बेड़ो के जीर्णाद्धार के लिए 4.10 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
रांची के जेएन कॉलेज, धुर्वा तथा पलामू के जीएल कॉलेज में विद्यु़तीकरण के लिए क्रमश: 74 लाख एवं 38 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसी तरह, कई अन्य योजनाओं के लिए भी विभाग ने राशि की स्वीकृति दे दी है।
रांची विश्वविद्यालय में दूसरी पाली में कक्षाएं संचालित करने के लिए तीन करोड़
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने रांची विश्वविद्यालय में दूसरी पाली में कक्षाएं संचालित करने के लिए शिक्षकों के मानदेय पर खर्च होनेवाली तीन करोड़ रुपये की राशि की भी मंजूरी दी है। विश्वविद्यालय ने इसकी अधियाचना विभाग से की थी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।