सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में ग्रेजुएशन की बची सीटों पर एडमिशन शुरू, 2 सितंबर से रजिस्ट्रेशन
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रमों की रिक्त सीटों पर दूसरे चरण की प्रवेश काउंसलिंग शुरू हो गई है।

सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड
HighLights
सीयूजे में स्नातक प्रवेश का दूसरा चरण शुरू।
रिक्त सीटों के लिए 2 से 8 सितंबर तक पंजीकरण।
सीयूईटी (यूजी) 2026 में शामिल होना अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, रांची। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार वर्षीय स्नातक (यूजी) कार्यक्रमों में रिक्त सीटों के विरुद्ध द्वितीय चरण की प्रवेश काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। सीयूजे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, डायनेमिक रिक्त सीटों के विरुद्ध प्रवेश के लिए आनलाइन पंजीकरण 2 सितंबर से 8 सितंबर तक खुला रहेगा।
यह प्रवेश प्रक्रिया केवल उन्हीं श्रेणियों एवं कार्यक्रमों में आयोजित की जाएगी, जहां कोई प्रतीक्षा सूची उपलब्ध नहीं है। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी का संबंधित कार्यक्रम के लिए निर्धारित मैप किए गए विषयों में सीयूईटी (यूजी) 2026 में सम्मिलित होना तथा निर्धारित पात्रता मानदंड को पूरा करना अनिवार्य है।
गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन
डायनेमिक रिक्त सीटों की स्थिति सीयूजे की वेबसाइट पर प्रदर्शित एवं अद्यतन की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों का नाम 31 जुलाई को प्रकाशित रजिस्टर्ड कैंडीडेट लिस्ट में शामिल था, लेकिन वे निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो सके तथा अब संबंधित विषय/कार्यक्रम में उपलब्ध रिक्त सीट के विरुद्ध प्रवेश लेना चाहते हैं, वे सीयूजे की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
सीयूजे प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने किसी विशेष कार्यक्रम विषय के लिए पहले से पंजीकरण किया है, लेकिन उस कार्यक्रम या विषय में वर्तमान में कोई रिक्त सीट उपलब्ध नहीं है और वे किसी अन्य ऐसे कार्यक्रम विषय में प्रवेश लेना चाहते हैं, जहां रिक्त सीट उपलब्ध है, उन्हें नए कार्यक्रम विषय के लिए नए सिरे से पंजीकरण करना अनिवार्य होगा।
यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें
इसी प्रकार, जिन अभ्यर्थियों ने किसी कार्यक्रम विषय के लिए पंजीकरण किया था, लेकिन रिक्त सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रवेश प्राप्त नहीं कर सके, वे रिक्त सीट वाले अन्य कार्यक्रम/विषय में प्रवेश के लिए नया पंजीकरण कर सकते हैं।
सीयूजे ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश प्रक्रिया, रिक्त सीटों, पात्रता, पंजीकरण एवं काउंसलिंग से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।
