Jharkhand News: देवघर एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान अब प्रतिदिन, मुंबई के लिए भी जल्द शुरू होगी नई सेवा
देवघर एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान अब प्रतिदिन होगी। इंडिगो की यह फ्लाइट 27 अक्टूबर से हर दिन चलेगी। पहले यह सेवा सप्ताह में तीन दिन चल रही थी। देवघर से मुंबई के लिए भी जल्द ही नई उड़ान शुरू होगी। सांसद निशिकांत दुबे ने इस संबंध में इंडिगो प्रबंधन एवं एयरपोर्ट आथॉरिटी ऑफ इंडिया के शीर्ष अधिकारियों से भी संवाद किया है।
जागरण संवाददाता, देवघर। देवघर एयरपोर्ट से एक जून से देवघर-बेंगलुरू की सीधी फ्लाइट शुरू हुई थी। इंडिगो की यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन चल रही थी।
पैसेंजर की डीमांड को देखते हुए यह सेवा 27 अक्टूबर से प्रत्येक दिन हो जाएगी। 186 सीट वाली यह विमान सेवा मंगलवार, वृहस्पतिवार और शनिवार को देवघर एयरपोर्ट से उड़ान भर रही थी।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 जुलाई 2022 को देवघर एयरपोर्ट का शुभारंभ किया था। दो साल में दिल्ली, बेंगलुरू और कोलकाता की उड़ान प्रतिदिन हो गयी। नाइट लैंडिंग की सुविधा मिल गयी।
इंजीनियर पेशा वाले युवा वर्ग और उनके स्वजन लंबे समय से बेंगलुरू की प्रतिदिन फ्लाइट की प्रतीक्षा कर रहे थे। उनको ज्यादा खुशी हो रही है।
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे लगातार इस दिशा में प्रयास कर रहे थे। देवघर से बेंगलुरू जाने के बाद वहां से दक्षिण भारत की विमान सेवा का कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा है।
नया टाइम 27 अक्टूबर से होगा लागू
- बेंगलुरू से 10:00 बजे टेक ऑफ- देवघर एयरपोर्ट पर 12:25 बजे लैंडिंग
- देवघर एयरपोर्ट से 12:55 टेकऑफ- बेंगलुरू एयरपोर्ट पर 03:30 लैंडिंग
दिसंबर में देवघर से मुंबई की उड़ान
दिसंबर की एक तारीख से देवघर से नयी उड़ान मुंबई के लिए होगी। इंडिगो ने टाइम स्लाट के लिए आवेदन दे दिया है। टाइम स्लाट मिलते ही देवघर से नयी सेवा भी शुरू हो जाएगी।
सांसद निशिकांत दुबे ने इस बाबत इंडिगो प्रबंधन एवं एयरपोर्ट आथॉरिटी ऑफ इंडिया के शीर्ष अधिकारियों से भी संवाद किया है। अभी यह विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरूवार और शनिवार होगा। बाद में इसके विस्तार पर विचार किया जाएगा।