Home Guard Scam: गृह रक्षा वाहिनी में फर्जीवाड़ा, 14 साल बाद कागज पर जिंदा हो गया गृहरक्षक राम पाहन; करने लगा ड्यूटी
Home Guard Scam झारखंड में गृह रक्षा वाहिनी में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। राम पाहन नाम का एक फर्जी गृह रक्षक 14 साल से ड्यूटी कर रहा था। असली राम पाहन की मौत 2000 में ही हो चुकी थी। आरोपी जगमोहन स्वांसी ने राम पाहन के नाम पर आधार कार्ड पैन कार्ड पासबुक ड्राइविंग लाइसेंस आदि बनवा लिए थे। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
राज्य ब्यूरो, रांची। Home Guard Scam: गृह रक्षा वाहिनी में फर्जीवाड़ा परत दर परत सामने आ रहा है। डीजी अनिल पाल्टा के आदेश पर जिला समादेष्टा कौशिक कुमार के नेतृत्व में बनी जांच टीम ने बुधवार की देर रात फर्जी गृह रक्षक जगमोहन स्वांसी को हिरासत में लिया। वह राम पाहन बनकर वर्ष 2014 से ड्यूटी कर रहा था।
गृहरक्षक राम पाहन का वर्ष 2000 में ही निधन हो चुका था। आरोपित जगमोहन स्वांसी ने राम पाहन के गृह रक्षक नंबर पर खुद को राम पाहन बताकर गृह रक्षा वाहिनी में नौकरी ले ली थी।
इतना ही नहीं, उसने राम पाहन नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस आदि बनवा लिया था। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इस पूरे प्रकरण में रांची के धुर्वा थाने में एक और प्राथमिकी कर ली गई है। आरोपित को गृह रक्षा वाहिनी ने पुलिस के हवाले कर दिया है।
राम पाहन के पड़ोस के गांव का रहने वाला है गिरफ्तार जगमोहन
फर्जी गृहरक्षकों के मामले की जांच के क्रम में राम पाहन के बेटे ने शिकायत की कि उसके पिता के नाम पर जगमोहन स्वांसी नौकरी कर रहा है। उसने गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय में जानकारी दी कि उसके पिता राम पाहन की वर्ष 2000 में मृत्यु हो गई थी। तब सभी बच्चे छोटे थे।
सभी रांची के नामकुम प्रखंड के रहने वाले हैं। बच्चों को उसके फर्जीवाड़ा की जानकारी मिली तो इससे गृह रक्षा वाहिनी को अवगत कराया। इसके बाद जांच में खुलासा हुआ।
हजारीबाग में भी पकड़े गए हैं 23 फर्जी गृह रक्षक, चल रही जांच
फर्जी गृह रक्षक मामले में पूरे प्रदेश में चल रही जांच के क्रम में हजारीबाग में भी बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। हजारीबाग में ऐसे 23 फर्जी गृह रक्षक पकड़े गए हैं।
सत्यापन में उनके फर्जीवाड़ा की पुष्टि हो चुकी है। जांच जारी है। बहुत जल्द ही हजारीबाग के सभी 23 फर्जी गृह रक्षकों की सूची जारी होगी। इन सबके विरुद्ध हजारीबाग में प्राथमिकी दर्ज होगी।
फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड बनाकर बन रहे गृह रक्षक
अब तक की जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि गृह रक्षक फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड बनाने में सफल हो रहे हैं। गुरुवार को रांची में गिरफ्तार फर्जी गृह रक्षक जगमोहन स्वांसी ने मृत राम पाहन के मूल आधार कार्ड पर अपना फोटो लगाकर एक आधार कार्ड बनवा रखा था।
उसी आधार नंबर पर उसने जगमोहन स्वांसी के नाम से भी आधार कार्ड बनवा रखा था। उसने एक ही नाम से दो-दो पैन कार्ड भी बनवा रखा था। पूरे प्रदेश में गृह रक्षा वाहिनी में ऐसे मामलों की जांच जारी है।