Move to Jagran APP

Jharkhand Election: आखिर क्यों नाराज हुए JDU प्रदेश अध्यक्ष के बेटे? चुनाव से ठीक पहले छोड़ दी पार्टी

Jharkhand Politics झारखंड में चुनाव के मद्देनजर जदयू के प्रदेश प्रभारी खीरू महतो के बेटे दुष्यंत पटेल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है क्योंकि मांडू सीट एनडीए गठबंधन में आजसू के पास चली गई। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झारखंड में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे। वे सरयू राय और राजा पीटर के समर्थन में प्रचार करेंगे।

By Neeraj Ambastha Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 23 Oct 2024 09:05 AM (IST)
Hero Image
चुनाव से ठीक पहले जदयू को बड़ा झटका

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्यसभा सदस्य सह जदयू के प्रदेश प्रभारी खीरू महतो के बेटे दुष्यंत पटेल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। दुष्यंत मांडू से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन यह सीट एनडीए गठबंधन में आजसू के पास चली गई। इस सीट को लेकर खीरू महतो भी पटना से दिल्ली तक दौड़ लगाते रहे, लेकिन उनकी बात नहीं बनी।

उधर, बिहार के मुख्यमंत्री सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार-प्रसार करने झारखंड आएंगे। वे कुछ जगहों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा को भी साझा करेंगे। इसे लेकर एनडीए में तैयारी चल रही है।

असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के साथ खीरू महतो और उनके बेटे दुष्यंत पटेल। फोटो- सोशल मीडिया 

सरयू राय के समर्थन में प्रचार करने आएंगे नीतीश

नीतीश मुख्य रूप से पार्टी प्रत्याशी सरयू राय तथा राजा पीटर के समर्थन में प्रचार करने झारखंड आएंगे। साथ ही नीतीश उन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा और आजसू के प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर सकते हैं जो कुरमी बहुल क्षेत्र हैं।

बताते चलें कि वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा अकेले चुनाव लड़ने के बाद भी वे चुनाव प्रचार करने झारखंड नहीं आए थे। उनकी जगह अन्य बड़े नेताओं ने ही जनसभाओं को संबोधित किया था।

आज नामांकन दाखिल करेंगे राजा पीटर

जदयू के प्रत्याशी गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर बुधवार को तमाड़ विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उनके नामांकन कार्यक्रम में भाग लेने बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार बुधवार को सुबह रांची पहुंचेंगे। नामांकन के बाद जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें एनडीए के कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे।

भाजपा में शामिल हुए जावेद मंसूरी

सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद जावेद मंसूरी ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें सदस्यता दिलाई। जावेद मंसूरी के साथ सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम युवा और मुस्लिम महिलाएं भी भाजपा में शामिल हुईं।

भाजपा नेता रणधीर सिंह को राहत

झारखंड हाई कोर्ट से भाजपा नेता रणधीर सिंह को राहत मिली है। हाई कोर्ट ने मंगलवार को उनके खिलाफ किसी प्रकार की पीड़क कार्रवाई नहीं करने का आदेश दिया है। पीठ ने मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा है।

रांची में 23 अगस्त को भाजपा युवा मोर्चा की मोरहाबादी मैदान में रैली के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ झड़प मामले में रणधीर कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी की गई है।

बता दें कि पूर्व में इसी मामले में हाई कोर्ट ने भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, अमर कुमार बाउरी, संजय सेठ, बीडी राम सहित 21 आरोपितों के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक लगा दी थी।

यह भी पढ़ें-

झारखंड में सत्ताधारी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान, कई विधायकों ने किया नामांकन

सरयू राय जमशेदपुर प. से लड़ेंगे चुनाव, राजा पीटर तमाड़ से ठोकेंगे ताल; JDU ने किया एलान

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।