Move to Jagran APP

हरियाणा में पार्टी की जीत पर झारखंड भाजपा ने मनाया जश्न, जम्मू-कश्मीर विजय पर कांग्रेस ने भी जमकर फोड़े पटाखे

झारखंड भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरियाणा में पार्टी की जीत का जश्न मनाया। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वादों पर भरोसा कर हरियाणा के लोगों ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। दूसरी ओर झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर जम्मू-कश्मीर में आईएनडीआईए को मिली प्रचंड बहुमत की खुशी में पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटी गईं।

By Dibyanshu Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Tue, 08 Oct 2024 09:40 PM (IST)
Hero Image
जश्न मनाते भाजपा व कांग्रेस नेता। (जागरण फोटो)

राज्य ब्यूरो, रांची। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। इससे झारखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं का उत्साह भी चरम पर है।

मंगलवार को प्रदेश कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटी। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी कार्यकर्ताओं के इस उत्साह में शामिल हुए।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वादों पर भरोसा कर हरियाणा के लोगों ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को भी लोगों ने अपना समर्थन दिया है।

जम्मू-कश्मीर में जीत पर कांग्रेस भवन में फूटे पटाखे

झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर मंगलवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव-2024 में आइएनडीआइए को प्रंचड बहुमत मिलने, हरियाणा में कांग्रेस की सीटें बढ़ने एवं झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर को विधानसभा चुनाव में जीत मिलने की खुशी पर पटाखा फोड़कर जश्न मनाया गया।

इस दौरान लोगों के बीच मिठाइयां भी बांटी गईं। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय प्रभारी अभिलाष साहु, सतीश पाल मुंजनी, सोनल शांति, राजन वर्मा, अमरेंद्र सिंह, राजेश चंद्र चौधरी, पप्पू अजहर, नेली नाथन, केदार पासवान, भानू प्रताप बड़ाइक, जगदीश साहु, निरंजन पासवान आदि मौजूद थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सरकार बनने से हम खुश हैं। हरियाणा के परिणामों से भी हम हताश नहीं हैं।

जम्मू कश्मीर के डोरू विधानसभा क्षेत्र से झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर की प्रचंड जीत पर उन्हें बधाई देते हुए कमलेश ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनके मार्गदर्शन में कांग्रेस बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पिछली बार की अपेक्षा अत्यधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व कौशल से निश्चित रूप से झारखंड में पुनः महागठबंधन की सरकार बनेगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें