Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Elections 2024: भाजपा ने फाइनल की आजसू और जदयू की सीटें, सरयू राय को लग सकता है बड़ा झटका

Jharkhand Vidhan Sabha Electoins 2024 झारखंड भाजपा चुनाव समिति की बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के तहत आजसू और जेडीयू को मिलने वाली सीटों पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुहर लगाई। केंद्रीय नेतृत्व ने आजसू को सात से नौ सीट और जदयू को एक सीट देने पर सहमति जताई है। सूत्रों के मुताबिक जमशेदपुर पूर्वी सीट पर भाजपा अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी।

By Dibyanshu Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Mon, 07 Oct 2024 08:20 PM (IST)
Hero Image
आजसू और जदयू को गठबंधन के तहत मिलने वाली सीटों पर केंद्रीय नेतृत्व की मुहर।

राज्य ब्यूरो,रांची। झारखंड भाजपा चुनाव समिति की बैठक सोमवार देर शाम दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर हुई।

बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल हुए।

बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने भी झारखंड के चुनाव पर चर्चा की।

इस बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के तहत आजसू और जेडीयू को मिलने वाली सीटों पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुहर लगाई।

केंद्रीय नेतृत्व ने आजसू को सात से नौ सीट और जदयू को एक सीट देने पर सहमति जताई है। लोजपा को सीट दिए जाने पर चर्चा नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर पूर्वी सीट पर भाजपा अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। अगर ऐसा होता है तो यह स्थानीय विधायक और जदयू नेता सरयू राय के लिए एक बड़ा झटका होगा।

भाजपा प्रत्याशियों के नाम पर हुई चर्चा

भाजपा नेता प्रदेश से तीन नामों का पैनल लेकर दिल्ली गए थे। यहां केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक में इन नामों पर चर्चा हुई। सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली रांची सीट पर दावेदारों की संख्या सबसे ज्यादा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रांची के अलावा धनबाद, जमशेदपुर पश्चिम जैसी सीटों को जीतने पर जोर दिया।

प्रदेश चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्व सरमा ने राज्य की आदिवासी बहुल सीटों को लेकर प्रजेंटेशन दिखाया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के शामिल होने के बाद आदिवासी मतदाताओं में भाजपा के प्रति बढ़े रुझान को बताया गया। पार्टी जल्द ही प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी करेगी।

यह भी पढ़ें: 'जिन्हें झारखंडी तक नहीं आती वे हमारे भाग्य विधाता बनना चाहते हैं', कल्पना सोरेन का हिमंत सरमा और शिवराज पर बड़ा हमला

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें