कांग्रेस छात्रों के साथ, समाधान की दिशा में झारखंड सरकार; केंद्र के खनन विधेयक पर साधा निशाना
झारखंड कांग्रेस ने छात्रों की जायज मांगों का समर्थन किया और मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद समाधान की उम्मीद जताई। पार्टी ने केंद्र के खान एवं खनिज विधेयक 2026 का विरोध करते हुए इसे राज्य के हितों के खिलाफ बताया और ₹15,000 करोड़ के नुकसान की आशंका जताई।

कांग्रेस प्रभारी के राजू ने कहा- छात्र आंदोलन पर समाधान की ओर झारखंड सरकार।
HighLights
कांग्रेस ने छात्रों की जायज मांगों का पूर्ण समर्थन किया।
केंद्र के खनन विधेयक से झारखंड को भारी राजस्व हानि।
राहुल गांधी ने छात्रों के आंदोलन को दिया समर्थन।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, ने मुख्यमंत्री के साथ छात्रों की वार्ता के ठीक पहले पार्टी की ओर से मांगों का समर्थन किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि जेपीएससी एवं जेएसएससी को लेकर छात्रों की सभी जायज मांगे पूरी की जाएंगी।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, डाॅ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की और कुछ अन्य सीनियर नेता भी मौजूद थे। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पाल मुंजनी, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डा. एम. तौसीफ उपस्थित रहे।
राजू बोले, राहुल गांधी छात्रों के साथ
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने राज्य से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन के बारे में सभी को जानकारी है। इस आंदोलन में राहुल गांधी का साथ छात्रों को मिल रहा है।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर चर्चा हो रही है। राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश है कि शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हो और ऐसी प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
राहुल ने नई दिल्ली में छात्रों पर हुई बर्बर लाठी चार्ज की भी आलोचना की है। उन्होंने झारखंड के छात्रों के आंदोलन को भी अपना समर्थन दिया है। सरकार को छात्रों की जायज मांगों का जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए।
नए विधेयक से झारखंड के हित प्रभावित होंगे
राजू ने कहा कि खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 को केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किया गया है। इस प्रकार के महत्वपूर्ण विधेयक को पारित करने से पहले राज्य सरकारों से व्यापक विचार-विमर्श किया जाना चाहिए, विशेषकर ऐसे राज्यों से, जिनकी अर्थव्यवस्था खनिज संसाधनों एवं सेस से प्राप्त राजस्व पर काफी हद तक निर्भर है।
इस विधेयक के कारण झारखंड को प्रतिवर्ष लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका है। भाजपा की केंद्र सरकार जानबूझकर ऐसे निर्णय ले रही है, जिससे झारखंड सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।
विशेष रूप से ‘मंइयां सम्मान योजना’ के माध्यम से राज्य की माताओं और बहनों को मिल रहे लाभ को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
केंद्र के व्यवहार के खिलाफ रणनीति बनेगी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कल पालिटिकल अफेयर्स कमिटी की बैठक आहूत की गई है। बैठक में प्रदेश प्रभारी, सह-प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
जिस तरह केंद्र सरकार लगातार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार पर राज्य का लगभग 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये बकाया है, जिसका भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक संघीय ढांचे पर बड़ा प्रहार है। राज्यों से पर्याप्त विचार-विमर्श और सहमति के बिना इस प्रकार का कानून लाना संघीय व्यवस्था की भावना के विपरीत है।
इससे झारखंड जैसे राज्य, जिनकी अर्थव्यवस्था खनिज संसाधनों से प्राप्त राजस्व पर काफी हद तक निर्भर है, उनके बजट पर इसका सीधा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को इस मुद्दे पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।
छात्रों की मांगों पर कांग्रेस का रुख सकारात्मक : दीपिका
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आंदोलनरत छात्रों से मंत्रियों की गठित समिति पहले भी मुलाकात कर चुकी है। वार्ता के दौरान लगभग 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बन गई थी, जबकि एक-दो मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई थी।
आज एक बार फिर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता होगी। मुझे उम्मीद है कि आज की वार्ता छात्रों के हित में सार्थक और सकारात्मक होगी।
नया विधेयक आदिवासी-मूलवासी हितों के विरुद्ध : इरफान
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 झारखंड के आदिवासी-मूलवासी हितों के विरुद्ध है। राज्य सरकार द्वारा आदिवासी-मूलवासी समाज के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।
छात्रों की मांगों के साथ कांग्रेस : शिल्पी
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट है। कांग्रेस छात्रों की सभी जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। हमारे नेता राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि छात्रों की जायज मांगों को स्वीकार किया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
