इबोला को लेकर झारखंड अलर्ट, रिम्स समेत सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों को तैयारी पूरी रखने का निर्देश
झारखंड सरकार ने इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया है। अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों ...और पढ़ें

इबोला को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
इबोला के संभावित खतरे पर झारखंड सरकार अलर्ट।
अस्पतालों, सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश।
रिम्स में इबोला संक्रमण से निपटने की मॉक ड्रिल हुई।
जागरण संवाददाता, रांची। इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। राज्य में अब तक इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सरकार ने अस्पतालों से लेकर सार्वजनिक परिवहन केंद्रों तक निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने रिम्स, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि भारत सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। किसी भी संदिग्ध मरीज की जानकारी मिलने पर तत्काल रिपोर्टिंग, जांच और आइसोलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा संसाधन, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर संबंधित एजेंसियों के समन्वय से निगरानी और आवश्यक स्क्रीनिंग की व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।
किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण या जोखिम वाले क्षेत्र की यात्रा का इतिहास सामने आने पर निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत जांच और चिकित्सकीय कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।
रिम्स में हो चुकी है मॉक ड्रिल
संभावित संक्रमण से निपटने की तैयारियों के तहत रांची स्थित रिम्स में 12 नवंबर को मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को संदिग्ध मरीज की पहचान, सुरक्षित सैंपल संग्रह, आइसोलेशन और संक्रमण नियंत्रण की प्रक्रिया का अभ्यास कराना था।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, पर्याप्त सुरक्षा किट और अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी संक्रमण से बचाव के उपायों का प्रशिक्षण देने को कहा गया है।
क्या हैं इबोला के लक्षण?
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इबोला एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। संक्रमण के बाद सामान्यतः दो से 21 दिनों के भीतर इसके लक्षण सामने आ सकते हैं।
शुरुआत में अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी और थकान होती है। गंभीर स्थिति में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और शरीर के विभिन्न हिस्सों से रक्तस्राव भी हो सकता है।
यह संक्रमण मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून और शरीर के अन्य तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है।
संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों से दूषित वस्तुओं के संपर्क से भी संक्रमण का खतरा रहता है। यह सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता है।
अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, सतर्क रहें
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। झारखंड में अभी तक इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं मिला है, लेकिन किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बीमारी की रोकथाम के लिए समय पर पहचान और संक्रमण नियंत्रण सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है। अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। संदिग्ध लक्षण या संक्रमण के जोखिम की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें- इबोला से जूझ रहे कांगो पर दोहरी मार: ISIS से जुड़े विद्रोहियों के हमले में 22 लोगों की मौत, 10 का अपहरण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।