Move to Jagran APP

Jharkhand Weather: झारखंड के 8 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दो दिन तक सावधानी बरतने की अपील

Jharkhand Mausam Hindi झारखंड में बुधवार शाम को झमाझम वर्षा हुई जिससे शहरी क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के लिए राहत बनकर बरसी। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर झारखंड व अन्य राज्यों में देखने को मिल रहा है। अगले दो दिनों तक कई जिलों में वर्षा होने की संभावना है।

By kumar Gaurav Edited By: Mukul Kumar Updated: Thu, 17 Oct 2024 07:57 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

जागरण संवाददाता, रांची।  Jharkhand Weather News राजधानी व आसपास के जिलों में बुधवार की शाम हुई झमाझम वर्षा जहां शहरी क्षेत्र के लिए आफत बनकर आई तो ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के लिए राहत बनकर बरसी। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर झारखंड व अन्य राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी ने राहत दी है।

इसका असर आगामी दो दिनों तक देखने को मिलेगा। इस कारण कई जिलों में दो दिनों तक वर्षा होगी। शाम में हुई वर्षा के कारण रांची के कई हिस्सों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई। नालों में अटी गंदगी के कारण नाले का गंदा पानी उफनकर बाहर निकलने लगा और सड़कों पर जमा हो गया।

इस वर्षा ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी है। कोकर, बूटी, लालपुर, हिंदपीढ़ी, धुर्वा, कडरू, हरमू जैसे क्षेत्रों में जलजमाव से आमजनों की परेशानी बढ़ गई।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

कई जगहों पर पेड़ की टहनियां गिर गईं और कुछ देर के लिए ट्रैफिक कंजेशन की स्थिति का भी सामना करना पड़ा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में इस वर्षा का अच्छा परिणाम देखने को मिल रहा है।

धान की अचछी फसल होने की संभावना

कृषि विज्ञानियों के अनुसार इस वर्षा ने धान की अंतिम सिंचाई की पूर्ति कर दी है।  मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान की बात करें तो राज्य में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

केंद्र के अनुसार, 17 अक्टूबर को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद के अलावे दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के साथ साथ निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग, बोकारो और खूंटी के कई हिस्सों में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है।

राजधानी रांची में 18 अक्टूबर तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने अलर्ट जारी करते हुए आमजनों विशेषकर किसानों को खेत जाने से पूर्व सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी है।

मेघगर्जन और वर्षा होने की स्थिति में सुरक्षित स्थान में शरण लें। पेड़ के नीचे खड़ा न रहे। बिजली के पोल से दूर रहें। किसान अपने खेत में न जाएं। मौसम सामान्य होने का इंतजार करें। बिजली के उपकरणों का उपयोग न करें, जैसी हिदायत भी दी गई है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 24.4 मिमी खूंटी के तोरपा में रिकार्ड की गई।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला खरसावां का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रांची का रिकॉर्ड किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यह भी पढ़ें-

उत्‍तराखंड के पहाड़ों पर दिन में भी निकली स्‍वेटर, पर्यटकों के घूमने के लिए यह समय मुफीद

बिहार के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट; तेजी से गिरेगा तापमान; पढ़ें आज का मौसम

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।