अब कतार नहीं, यात्री के पास पहुंचेंगे एम-यूटीएस सहायक; रांची-हटिया स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट लेना आसान
रेलवे बोर्ड ने अनारक्षित टिकट सुविधा के लिए पायलट योजना शुरू की है, जिसमें एम-यूटीएस सहायक यात्रियों के पास जाकर ...और पढ़ें

प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में घूमकर देंगे अनारक्षित टिकट, रांची और हटिया में शुरू होगी व्यवस्था।
HighLights
यात्रियों को प्लेटफार्म पर ही मिलेंगे अनारक्षित टिकट।
रांची और हटिया स्टेशनों पर पायलट योजना शुरू।
एम-यूटीएस सहायक बेटिकट यात्रियों पर भी रखेंगे नजर।
शक्ति सिंह, रांची। ट्रेन आने वाली है... यात्री प्लेटफार्म पर पहुंच चुके हैं और अनारक्षित टिकट काउंटर पर लंबी कतार लगी है। टिकट लेने में देर हुई तो ट्रेन छूटने का डर। अब ऐसी स्थिति में यात्रियों को कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी।
एम-यूटीएस (मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली) सहायक खुद यात्रियों के पास पहुंचेंगे और मौके पर ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराएंगे। यात्री आनलाइन भुगतान कर टिकट ले सकेंगे।
इसके लिए एम-यूटीएस सहायकों को स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर घूम-घूमकर यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी। रेलवे बोर्ड ने अधिक से अधिक यात्रियों तक अनारक्षित टिकट की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से यह पायलट योजना शुरू की है।
रांची और हटिया में होगी तैनाती
रांची रेल मंडल में रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर एम-यूटीएस सहायकों की तैनाती की जाएगी। इसे लेकर निविदा जारी कर दी गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायकों की तैनाती की जाएगी। रेलवे पहले इस व्यवस्था के परिणामों की समीक्षा करेगा।
यात्रियों को टिकट मिलने में कितनी सुविधा हुई, टिकट बिक्री में कितना बदलाव आया और काउंटरों पर भीड़ कितनी कम हुई, इन बिंदुओं का आकलन किया जाएगा। इसके बाद योजना को आगे बढ़ाने या इसमें बदलाव करने पर निर्णय लिया जाएगा।
टिकट बिक्री के साथ बेटिकट यात्रियों पर भी नजर
स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर अक्सर यात्रियों की भीड़ रहती है। ऐसे में एम-यूटीएस सहायक यात्रियों तक पहुंचकर टिकट उपलब्ध कराएंगे। इससे काउंटर और एटीवीएम पर दबाव कम होने की उम्मीद है।
एम-यूटीएस सहायकों की भूमिका सिर्फ टिकट बेचने तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें बेटिकट यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर वे वाणिज्य टीम को सूचना देकर जांच करा सकेंगे।
पहली बार शुरू स्टेशनों पर सेवा
रांची रेल मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रेया सिंह ने बताया कि रांची और हटिया स्टेशन पर पहली बार एम-यूटीएस सहायकों की सेवा शुरू होगी। इससे टिकट काउंटरों पर दबाव कम करने और यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने में मदद मिली।
