विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंकुरित अनाज से लेकर सोया और पनीर तक, प्रोटीन की कमी पूरी करने में मदद करते हैं 7 देसी सुपरफूड्स

By Meenakshi NaiduEdited By: Nikhil Pawar
Updated: Mon, 24 Aug 2026 04:42 PM (IST)

क्या आप भी मानते हैं कि प्रोटीन सिर्फ महंगे सप्लीमेंट्स से ही मिल सकता है? अगर हां, तो आपको अपनी भारतीय थाली पर एक नजर डालने की जरूरत है।

सप्लीमेंट्स नहीं, ये है प्रोटीन का असली खजाना (Image Source: AI-Generated)

सप्लीमेंट्स नहीं, ये है प्रोटीन का असली खजाना (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी मजबूत मांसपेशियां और दिनभर भरपूर एनर्जी चाहते हैं? इसके लिए शरीर को सबसे ज्यादा जरूरत होती है प्रोटीन की। प्रोटीन न सिर्फ हमारी मसल्स को ताकत देता है, बल्कि शरीर की अंदरूनी मरम्मत में भी अहम भूमिका निभाता है। अक्सर लोगों को लगता है कि प्रोटीन के लिए महंगे सप्लीमेंट्स ही एकमात्र रास्ता हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।

हमारे भारतीय खानपान में ऐसे कई सस्ते और प्राकृतिक फूड्स मौजूद हैं, जिनकी मदद से आप रोज़ाना की प्रोटीन की जरूरत को बहुत आसानी से पूरा कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि बिना किसी सप्लीमेंट के, केवल संतुलित आहार अपनाकर पर्याप्त प्रोटीन कैसे पाया जाए।

दालों को बनाएं अपनी डेली डाइट का हिस्सा

अरहर, मूंग, मसूर, उड़द और चने की दाल प्रोटीन का खजाना होती हैं। आप इन्हें साधारण दाल, सूप, खिचड़ी या फिर चीले के रूप में खा सकते हैं। बता दें, रोजाना सिर्फ एक कटोरी दाल खाने से शरीर को जरूरी अमीनो एसिड्स मिलते हैं, जिससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर को ताकत मिलती है।

अंकुरित अनाज का कमाल

मूंग, काला चना और मेथी के दानों को अंकुरित करके खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। स्प्राउट्स में प्रोटीन के साथ-साथ भरपूर मात्रा में विटामिन और मिनरल्स भी पाए जाते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि हमारा शरीर इन्हें बहुत ही आसानी से पचा लेता है।

दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स अपनाएं

दूध, दही और पनीर प्रोटीन के बहुत अच्छे सोर्स माने जाते हैं। रोजाना एक गिलास दूध पीना या एक कटोरी दही खाना शरीर के लिए बहुत लाभकारी है। इसके अलावा पनीर को आप सब्जी, सलाद या पराठे के रूप में आसानी से अपने भोजन का हिस्सा बना सकते हैं।

चना और राजमा से मिलेगी भरपूर एनर्जी

देसी चना, काबुली चना और राजमा में न सिर्फ प्रोटीन, बल्कि फाइबर भी प्रचुर मात्रा में होता है। इनका सेवन करने से शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिलती है और आपका पेट भी काफी देर तक भरा हुआ महसूस होता है।

स्नैक्स के लिए चुनें ड्राई फ्रूट्स और सीड्स

बादाम, मूंगफली, अखरोट के साथ-साथ कद्दू और सूरजमुखी के बीज बेहतरीन स्नैक्स हैं। इनमें प्रोटीन के साथ-साथ हेल्दी फैट्स भी होते हैं। इन्हें नाश्ते में, अपनी पसंदीदा स्मूदी में डालकर या सलाद के साथ आसानी से खाया जा सकता है।

सोया और टोफू

अगर आप शाकाहारी हैं, तो सोयाबीन, सोया चंक्स और टोफू आपके लिए प्रोटीन के सबसे बेहतरीन विकल्प हैं। सोया चंक्स को आप सब्जी, पुलाव या पराठे में मिलाकर खा सकते हैं। वहीं, टोफू को सब्जियों के साथ पकाकर या सलाद में डालकर खाया जा सकता है।

अनाज और दालों का देसी कॉम्बीनेशन

हमारी पारंपरिक भारतीय थाली, जैसे दाल-चावल, रोटी-दाल या खिचड़ी, प्रोटीन का एक बहुत ही अच्छा जरिया है। जब हम अनाज और दालों को एक साथ मिलाकर खाते हैं, तो हमारे शरीर को वे सभी जरूरी अमीनो एसिड्स मिल जाते हैं, जिनकी उसे जरूरत होती है।

यह भी पढ़ें- क्या आपका बच्चा भी बिना खाए वापस ले आता है टिफिन? आजमाएं 7 दिनों का ये हेल्दी और टेस्टी मेन्यू

यह भी पढ़ें- ओट्स, पीनट बटर और चिया सीड्स से बनाएं 5 मिनट वाला हाई-प्रोटीन ब्रेकफास्ट, नोट कर लें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी