अमीर खुसरो की एक कविता से बना था मिथुन दा का ये सुपरहिट गाना, 700 पुरानी है इस गीत की कहानी
मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म गुलामी का सुपरहिट गाना अमीर खुसरो की एक पुरानी कविता से बना है।

एक कविता से बना गुलामी फिल्म का ये गाना (Picture Courtesy: YouTube)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। साल 1985 में रिलीज हुई फिल्म गुलामी का गाना जिहाल-ए-मिस्कीन आपने जरूर सुना होगा। ये गाना काफी हिट हुआ था और आज भी लोग इसे खूब पसंद करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं असल में ये गाना सूफी कवि अमीर खुसरो की कविता से बना है?
जी हां, ये गाना 13वीं शताब्दी के सूफी कवि अमीर खुसरो की लिखी एक कविता से बना है। ये कविता कैसे लिखी गई थी, इसके पीछे भी काफी दिलचस्प कहानी है। आइए जानें कैसे अमीर खुसरो की कविता से बना ये सुपरहिट गाना।
अमीर खुसरो की लिखी कविता की कहानी
अमीर खुसरो का जन्म 13वीं शताब्दी में हुआ था और उन्हें तूतिया-ए-हिंद यानी हिंदुस्तान का तोता कहा जाता है। वे फारसी और हिंदवी भाषा के विद्वान थे और उन्होंने इन भाषाओं में कई रचनाएं भी की हैं। इनकी रची इस कविता से एक दिलचस्प कहानी जुड़ी है।
कहा जाता है कि दिल्ली सल्तनत के सुल्तान के दरबार में एक बार इस बात पर बहस छिड़ गई कि उस दौर के शायरों को फारसी में लिखना चाहिए या हिंदवी में। ये बहस बढ़ती जा रही थी और इसका कोई समाधान नहीं मिल रहा था। तभी इस बहस को खत्म करने और ये बताने की ये दोनों भाषाएं एक साथ लिखी जा सकती हैं, अमीर खुसरो ने उसी समय एक कविता लिख दी।
इस कविता की खासियत थी इसे फारसी और ब्रज भाषा के मेल से लिखा गया था और इसके बोल थे- “जिहाल-ए-मिस्कीन मकुन तगाफुल, दुराए नैना बनाए बतियां”। अमीर खुसरो की लिखी इस कविता ने हिंदी और उर्दू साहित्य में नया इतिहास लिखा और इससे प्रेरणा लेकर और भी कई कविताएं और गजलें लिखी गईं।
बॉलीवुड में छाया इस कविता का जादू
इस कविता की रचना के सदियों बाद 1985 में आई फिल्म गुलामी में इस कविता का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इस गाने के बोल गुलजार साहब ने नए लिखे, जिनमें फारसी और हिंदी का मेल देखने को मिलता है।
इस गाने को लता मंगेश्कर और शब्बीर कुमार ने गाया था। पर्दे पर अनीता राज और मिथुन चक्रवर्ती पर इस गाने को फिल्माया गया और लोगों के ये खूब पसंद भी आया। बाद में श्रेया घोंसाल और विशाल मिश्रा ने इस गाने को नए अंदाज में रीक्रिएट किया।
