शादीशुदा जिंदगी में अब आया 'फूड डिवोर्स', क्यों एक ही घर में अलग-अलग खाना खा रहे हैं कपल्स?
कपल के बीच तलाक एक कानूनी प्रक्रिया है पर अब खाने का तलाक भी ट्रेंड में है।

कपल्स के बीच ट्रेंड कर रहा है फूड डिवोर्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। इन दिनों रिलेशनशिप भी सोशल मीडिया ट्रेंड की तरह हो गया है। हर दिन कोई न कोई नया ट्रेंड सुनने को मिल ही जाता है, आपने इससे पहले स्लीप डिवोर्स के बारे में तो सुना ही होगा, अब इसी से मिलता-जुलता नया ट्रेंड फूड डिवोर्स भी आ गया है। आइए आपको बताते हैं कि क्या है फूड डिवोर्स और क्यों कपल इसे फॉलो कर रहे हैं।
क्या है फूड डिवोर्स?
माना कि डिवोर्स का मतलब अलग हो जाना होता है लेकिन यहां कपल एक दूसरे से अलग नहीं हो रहे हैं, बल्कि खाने के मामले में दूरी बना रहे हैं। इसका सीधा सा मतलब यह है कि अब कपल अपनी पसंद और शरीर की जरूरत के हिसाब से डाइट ले रहे हैं। कपल अब एक ही जैसा खाना नहीं खा रहे हैं, इसके बजाय वो अलग-अलग फूड पसंद कर रहे हैं।
पारंपरिक खानपान के तरीके में बदलाव
यह ट्रेंड लोगों को अपने पुराने खानपान के तौर-तरीकों को बदलने के बारे में कह रहा है। ज्यादातर घरों में एक ही तरह का खाना बनता है और उसके हिसाब से सभी को समझौता करना पड़ता है। अगर एक दिन दाल चावल बने हैं तो वो सबके लिए हैं, लेकिन यह ट्रेंड अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से डाइट लेने पर जोर देता है।
फूड डिवोर्स की वजहें
इसकी सबसे बड़ी वजह तो अपनी फिटनेस का ध्यान रखना है।
समय की कमी के चलते भी यह ट्रेंड में है क्योंकि वर्किंग कपल्स के ऑफिस टाइम के हिसाब से शेड्यूल होता है। ऐसे में उनके पास एक साथ खाने का समय ही नहीं होता।
वहीं, तीसरी वजह खाने में अपनी पसंद को आगे रखना है।
एक वजह झगड़े से भी बचना है, अगर किसी को हेल्दी फूड पसंद हैं और पार्टनर को जंक फूड खाना है तो इसपर बहस न हो।
‘आज क्या बनाएं’ के झंझट से बचने के लिए फूड डिवोर्स काम आ सकता है, जब कपल अपने लिए खुद खाना तैयार करें।
ट्रेंड के फायदे-नुकसान
यह ट्रेंड कपल को अपना खाना चुनने की आजादी और सेहत का ख्याल रखने का एक मौका देता है। इसके अलावा, खाने को लेकर होने वाले रोज के लड़ाई-झगड़े से भी बचाता है। अगर नुकसान की बात की जाए तो फूड डिवोर्स के चलते एक ही परिवार में रहने वाले लोगों के लिए वातावरण थोड़ा अजीब हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अलग-अलग खाना भारतीय परिवार की परंपरा का हिस्सा नहीं है।
