बिना आजादी के नहीं आती जिम्मेदारी! पेरेंट्स बच्चों को रोज की इन आदतों से बनाएं इंडिपेंडेंट
बच्चों को शुरू से ही अपने काम करने की आदत डालें, इसके लिए यहां बताए गए टिप्स की पेरेंट्स मदद ले सकते हैं।

बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के टिप्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पेरेंट्स चाहते हैं कि उनका बच्चा बड़ा होकर जिम्मेदार बने, लेकिन जिम्मेदारी का यह एहसास उनमें बगैर आजादी के नहीं आ सकता। ऐसे में हर माता-पिता को अपने बच्चों को घर और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने के लिए बचपन से ही आजाद रहना सिखाना चाहिए। रोजमर्रा की कुछ आदतें हैं जिनकी मदद से बच्चों में यह आदत विकसित की जा सकती है।
स्कूल के लिय खुद होने दें तैयार
बच्चों को सुबह जल्दी उठने और स्कूल के लिए खुद तैयार होने की आदत बनाएं। यह आदत जितनी कम उम्र में बना दी जाएगी, उतनी ही जल्दी वो इंडिपेंडेंट होना सीख जाएंगे। इसमें उनके खुद से स्कूल यूनिफॉर्म पहनने से लेकर टाइमटेबल देखकर स्कूल बैग लगाने तक सभी चीजों को शामिल करें।
कमरे की छोटी-मोटी सफाई करवाएं
सुबह उठकर बच्चों को खुद अपना बिस्तर समेटने दें और जब भी वो कमरा गंदा करें तो छोटी-छोटी सफाई भी उन्हीं से करवाएं; जैसे- बिखरी किताबों को शेल्फ में ठीक करके रखना, खिलौनों को एक बास्केट में डालना या फिर उनकी स्टडी टेबल को ऑर्गनाइज करके रखना।
स्कूल के प्रोजेक्ट में आत्मनिर्भर बनाएं
आजकल स्कूलों से होमवर्क के अलावा कई तरह के प्रोजेक्ट और एक्टिविटी मिलती हैं, जिसके लिए बच्चे अपने पेरेंट्स पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में उन्हें केवल से दूर से मदद करते हुए सभी एक्टिविटी खुद से करने के लिए ही प्रेरित करें। यह तरीका उन्हें भविष्य में निर्भरता कम करने में मदद करेगा।
खाने की तैयारी करवाएं
लड़का हो या लड़की, दोनों को किचन के जरूरी काम सिखाएं। ज्यादातर घरों में किचन से जुड़े सभी कामों की जिम्मेदारी लड़कियों को दी जाती है, जिसकी वजह से लड़कों में निर्भरता ज्यादा देखी जाती है। ऐसे में दोनों को रात के खाने की तैयारी में लगाएं। इनमें खाना परोसना, गिलास और पानी रखना, खाने के बाद अपनी प्लेट सिंक रखने जैसी बहुत सी छोटी-छोटी आदतें शामिल हो सकती हैं।
प्रॉब्लम सॉल्व करने दें और राय भी सुनें
बच्चे जब भी किसी सवाल पर अटक जाएं, कोई गलती हो या किस पजल को सॉल्व न कर पाएं तो उन्हें इतना समय और स्पेस दें कि वो चीजों को सुलझा पाएं। इसके अलावा, घर में किसी विषय पर बढ़ते बच्चों की राय सुनना भी उनमेनम आजादी का भाव विकसित करने में मदद करता है।
