740 टेढ़ी-मेढ़ी सीढ़ियां और 360 डिग्री का खूबसूरत व्यू, 'द रॉक ऑफ गुआटापे' को देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान
कोलंबिया में स्थित 'द रॉक ऑफ गुआटापो' अपनी जिग-जैग सीढ़ियों के लिए मशहूर है।

कोलंबिया का 'द रॉक ऑफ गुआटापो' (Picture Courtesy: Instagram)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कोलंबिया में स्थित 'द रॉक ऑफ गुआटापो' (El Peñón de Guatapé) दुनिया के सबसे बड़ी प्राकृतिक चट्टानी संरचनाओं में से एक है। ये कोलंबिया के गुआटापो में शहर में स्थित है।
ये खूबसूरत चट्टान लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है और अपनी टेढ़ी-मेढ़ी सीढ़ियों के लिए मशहूर है। आइए जानें द रॉक ऑफ गुआटापो का इतिहास क्या है और ये क्यों इतना खास है।
द रॉक ऑफ गुआटापो का इतिहास
इस विशाल ग्रेनाइट पत्थर का इतिहास लाखों साल पुराना माना जाता है। माना जाता है कि कोलंबिया की स्थानीय जनजाति तहामी इस पत्थर को पूजते थे और इसे मोहरा कहते थे। हालांकि, काफी लंबे समय तक ये वहां के लोगों के लिए सिर्फ एक चट्टान था और किसी ने इस पर न तो चढ़ने की कोशिश की और न ही इसके बारे में ज्यादा जानकारी थी।
इसके बाद साल 1954 में लुइस एडुआर्डो विलेगास नाम के एक स्थानीय निवासी ने इस चट्टान पर चढ़ाई करने का फैसला किया। उन्होंने अपने दो दोस्तों के साथ चढ़ाई करने का फैसला लिया और इस चट्टान की दरारों में लकड़ी के खूंटे फंसाकर 5 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद शिखर पर पहुंचे।
इसके बाद लुईस विलेगास ने इस चट्टान पर अपना अधिकार बना किया और इसे एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना शुरू किया। आज इस चट्टान पर पहुंचने के लिए आपको फीस देनी पड़ेगी और इस पर बनी सीढ़ियों से ऊपर तक पहुंच सकते हैं।
-1788936286971.webp)
(Picture Courtesy: Instagram)
क्यों इतना खास है ये चट्टान?
ये एक मोनोलिथ चट्टान है, जिसकी ऊंचाई लगभग 220 मीटर है और इसका वजन 10 लाख टन से भी ज्यादा माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत है इसकी दरार के बीच बनाई गई जिग-जैग सीढ़ियां, जो इस चट्टान के शिखर पर पहुंचने का एकमात्र रास्ता है।
इसके शिखर पर पहुंचने के लिए आपको लगभग 740 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। ऊपर पहुंचने पर आसपास के पूरे इलाके का 360 डिग्री व्यू दिखता है। 1970 के बाद बने हाइड्रोइलेक्ट्रिक बांध के कारण आसपास के इलाके में बने खूबसूरत द्वीप और झीलों का खूबसूरत नजारा भी यहां से दिखाई देता है। इस चट्टान के शिखर पर एक तीन मंजिला टावर भी है। साथ ही, ऊपर पहुंचकर आप यहां के लोकल हैंडिक्राफ्ट देख सकते हैं और स्नैक्स का भी आनंद ले सकते हैं।
