पंजाब के नाम का असली मतलब जानते हैं आप? 5 नदियों की इस धरती का इतिहास और स्वाद कर देगा हैरान
पंजाब को 'ग्रेनरी ऑफ इंडिया' कहा जाता है। यह राज्य अपने समृद्ध इतिहास, संस्कृति, मेहमाननवाजी और स्वादिष्ट खान-पान के लिए जाना जाता है।

पंजाब को कैसे मिला उसका नाम? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप जानते हैं पंजाब को ग्रेनरी ऑफ इंडिया भी कहा जाता है? खेती में समृद्ध होने की वजह से इस राज्य को यह नाम मिला है, लेकिन पंजाब की खासियत यहीं तक सीमित नहीं है। ये राज्य अपने इतिहास, वीरता, मेहमाननवाजी और ऊर्जा के लिए जाना जाता है। आइए जानें पंजाब राज्य की खासियत।
कैसे मिला पंजाब नाम?
पंजाब दो शब्दों को जोड़कर बना है। पंज यानी पांच और आब यानी पानी। पांच नदियों की धरती होने की वजह से इस राज्य का नाम पंजाब रखा गया। यहां से झेलम, चेनाब, रावी, व्यास और सतलुज बहती हैं। इन्हीं नदियों के कारण इसे पंजाब कहा जाता है।
अध्यात्म और इतिहास का मेल है पंजाब
पंजाब का इतिहास अध्यात्म और स्वतंत्रता संग्राम की कहानियों से भरा पड़ा है। यहां सिखों का सबसे पवित्र धार्मिक स्थल श्री हरमंदिर साहिब है, जिसे गोल्डन टेंपल या स्वर्ण मंदिर के नाम से जाना जाता है। दुनियाभर से लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं।
यहां जलियांवाला बाग है, जो 13 अप्रैल 1919 में हुए नर संहार की कहानी कहता है। यहां की दीवारों पर आज भी गोलियों के निशान देखने को मिलते हैं। अमृत सर के पास वाघा बॉर्डर है, जहां रोज शाम को रिट्रीट सेरेमनी होती है। इस सेरेमनी को देखने दूर-दूर से लोग आते हैं। पटियाला का शीश मलह अपनी खूबसूरत वास्तुकला के लिए जाना जाता है।
पंजाब की कला और संस्कृति
पंजाब की संस्कृति ऊर्जा से भरपूर है। यहां के लोग अपनी मेहमाननवाजी के लिए जाने जाते हैं। पंजाब की लोक संस्कृति में भांगड़ा और गिद्दा की खास जगह है। ढोल की थाप पर किया जाने वाला यह नृत्य ऊर्जा से भरपूर होता है और हर खुशी के मौके पर जरूर किया जाता है। पंजाब के डांस के साथ-साथ यहां के गाने भी लोगों को दिलों पर राज करते हैं।
पंजाब की कला की बात करें, तो फुलकारी का नाम लेना जरूरी है। फुलकारी हाथ से कपड़ों पर की जाने वाली एक खास तरह की कढ़ाई है। पूरी दुनिया में पंजाब के फुलकारी के दुपट्टे मशहूर हैं। इसके अलावा, पंजाबी जूतियां और पटियाला सूट भी दुनियाभर में मशहूर हैं।
पंजाब का खान-पान
पंजाब के खाने में देसी घी, मक्खन और दूध का काफी इस्तेमाल किया जाता है। सर्दियों में यहां मक्के की रोटी और सरसों के साग को गुड़ और मक्खन के साथ परोसा जाता है। वहीं, छोले भटूरे और अमृतसरी कुल्चों का खास स्वाद होता है।
पंजाबी खान-पान लस्सी के बिना अधूरा है। बड़े-बड़े गिलासों में मलाई वाली ठंडी-ठंडी लस्सी के साथ तंदूरी रोटी और पनीर टिक्का जैसी डिशेज की बात ही कुछ और है।
