शिमला-मनाली ही नहीं, इन वजहों से भी खास है ‘हिमाचल प्रदेश’; अपने जायके और संस्कृति के लिए भी है मशहूर
हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ समृद्ध संस्कृति, स्वादिष्ट व्यंजनों और अनूठी परंपराओं के लिए भी जाना जाता है।

क्यों इतना खास है हिमाचल प्रदेश? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश का नाम लें, तो दिमाग में सबसे पहली तस्वीर बर्फ से ढकी हिमालय की वादियां, चीड़ और देवदार के जंगल और कलकल बहती नदियों की बनती है। हिमालय की गोद में बसा ये राज्य अपनी खूबसूरती, पहाड़ी संस्कृति और खान-पान के लिए जाना जाता है।
गर्मी के मौसम में यह भारतीयों के लिए ट्रैवल हॉट स्पॉट बनता है, जहां के हिल स्टेशन्स घूमने लोग दूर-दूर से आते हैं। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरती और संस्कृति इसे इतना खास बनाते हैं कि हर साल पर्यटक यहां घूमने आते हैं। आइए जानें इस राज्य में क्या-क्या खास है।
हिमाचल की खूबसूरत जगहें
हिमाचल प्रदेश के मशहूर हिल स्टेशन शिमला और मनाली बर्फबारी, मॉल रोड और प्राकृति नजारों के लिए जाने जाते हैं। दलाई लामा के निवास स्थान धर्मशाला और मैकलोडगंज तिब्बती संस्कृति और आध्यात्मिक शांति का केंद्र हैं। इस शांति का अनुभव करने दूर-दूर से लोग यहां आते हैं।
प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग का आनंद लेने वालों के लिए कसोल और तीर्थन घाटी एकदम परफेक्ट जगह हैं। ऐसे ही लाहौल-स्पीति और किन्नौ एडवेंचर के शौकीन और बाइकर्स की पहली पसंद हैं।
लाजवाब है हिमाचली जायका
हिमाचल का धाम एक पारंपरिक थाली है, जो बिना लहसुन-प्याज के तांबे के बर्तन में बनाए जाते हैं। इसमें राजमा, कढ़ी, मजरा और मीठा भात शामिल होते हैं। यहां का सिड्डू भी काफी स्वादिष्ट होता है और यह पर्यटकों के बीच भी काफी मशहूर है। गेहूं के आटे को फर्मेंट करके भाप में पकाया गया सिड्डू देसी घी के साथ खाया जाता है। इसी तरह बबरू और पटोड़े यहां के लोकल स्नैक्स हैं।
हिमाचल की संस्कृति और पंरपराएं
हिमाचल की संस्कृति यहां के लोकगीतों, नृत्यों और त्योहारों में झलकती है। यहां हर गांव के अपने कुल देवता होते हैं। कुल्लु दशहरा इन्हीं स्थानीय देवी-देवताओं को समर्पित है। इस खास त्योहार को देखने दूर-दूर से लोग आते हैं। हिमाचल के पहनावे-ओढ़ावे में पारंपरिक कुल्लवी और बुशैहरी टोपी पुरुषों की पहचान है, जबकि महिलाएं धाटू पहनती हैं, जो एक खास तरह का स्कार्फ होता है। हिमाचल प्रदेश का नाटी नृत्य काफी मशहूर है, जो समूह में किया जाता है।
हिमाचल की हस्तशिल्प और कला
यहां की कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग दुनियाभर में जानी जाती है, जिसमें बारीक कारीगरी और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया जाता है। हाथों से बुने गए कुल्लवी और चंबा शॉल अपने खूबसूरत पैटर्न के लिए जाने जाते हैं। इसी तरह यहां का चंबा रुमाल अपनी सुई-धागे की बारीक कढ़ाई और दोनों तरफ एक जैसी आकृति के लिए मशहूर है।
