चीन के डिजास्टर हब में मौत का मंजर महसूस करने के लिए पैसे लुटा रहे लोग, तेजी से बढ़ रहा डार्क टूरिज्म का क्रेज
चीन में युवाओं के बीच डार्क टूरिज्म का नया ट्रेंड बढ़ रहा है, जहां लोग डिजास्टर सिमुलेशन हब में तूफान और बाढ़ जैसे खतरों का अनुभव करने के लिए पैसे दे रहे हैं।

चीन में बढ़ा डार्क टूरिज्म का क्रेज (Picture Courtesy: Reuters)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल चीन में युवाओं के बीच एक काफी अनोखा और हैरान करने वाला ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। आपने डार्क टूरिज्म का नाम तो सुना होगा, जिसमें लोग ऐतिहासिक हादसों या आपदा वाली जगहों पर घूमने जाते हैं, लेकिन अब इसमें एक ट्विस्ट आ गया है।
चीन में युवा अब असली आपदा का सामना करने के लिए पैसे खर्च कर रहे हैं। जी हां, अब वे सिर्फ आपदा घटी हुई जगह को देखना नहीं चाहते, बल्कि आपदा को सचमुच महसूस करना चाहते हैं। चीन की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये नया अनुभव लोगों को मुश्किल हालातों में जिंदा रहने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दे रहा है।
तूफान और बाढ़ का खौफनाक अनुभव
इस डार्क टूरिज्म का सबसे बड़ा सेंटर चीन के हांग्झू शहर में स्थित एक खास डिजास्टर सिमुलेशन हब है। ये देश का पहला ऐसा सेंटर माना जा रहा है, जहां इस तरह के सिमुलेशन एक्सपीरिएंस किए जा सकते हैं। इस जगह पर लोगों को बेहद खतरनाक आपदाओं के बीच उतारा जाता है, जिसमें वे इन खतरों का सामना कर सकें।
इस सिमुलेशन हब में 165 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाला तूफान पैदा किया जाता है, अचानक आने वाली भारी बारिश और सड़कों और बाकी जगहों पर भरते पानी का सामना करना पड़ता है। ये एक्सपीरिएंस लोगों को सचमुच में आपदा में फंसे होने का एहसास करवाता है।
बाढ़ में सिमुलेशन के दौरान पानी जब बेसमेंट में तेजी से भरता है, तो लोग असली घबराहट महसूस करते हैं। ऐसी स्थिति में वहां से बाहर निकलने के लिए सिर्फ टीमवर्क की एकमात्र सहारा है।
सुरक्षा के इंतजाम और फीस
इस सिमुलेशन हब में आपदा में उतरने से पहले विजिटर्स को खास सेफ्टी थर्मल सूट और हेलमेट पहनाए जाते हैं, ताकि चोट आदि से बचाव हो सके। साथ ही, पूरे एक्सपीरिएंस के दौरान ट्रेन्ड इंस्ट्रक्टर्स लोगों को लाइफ-सेविंग और बचाव तकनीकों के बारे में बताते रहते हैं। अगर कोई व्यक्ति इस दौरान सचमुच मुसीबत में फंस जाए, तो उसे बचाने के लिए सुरक्षाकर्मी लगातार निगरानी करते रहते हैं।
ये एक्सपीरिएंस जितना रोमांचक है, उतना ही महंगा भी। डार्क टूरिज्म के इस अवतार के लिए लोग अच्छी खासी रकम चुकाते हैं। एक वयस्क की टिकट की कीमत 899 युआना यानी 135 अमेरिकी डॉलर है। वहीं, 6-14 साल के बच्चों के लिए वॉटर रेस्क्यू और जंगल में सर्वाइवल सिखाने वाले फैमिली पैकेज की कीमत लगभग 5 हजार युआन तक है।
लाखों लोग ले रहे एक्सपीरिएंस
ये सेंटर साल 2024 के अंत में शुरू हुआ था और अब तक यहां 1.6 लाख से ज्यादा लोग विजिट कर चुके हैं। इस आंकड़े से लोगों में डार्क टूरिज्म के बढ़ते क्रेज को साफ समझा जा सकता है। हालांकि, कुछ लोग इस एक्पीरिएंस का विरोध भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि आपदाओं को कमर्शियल एंटरटेनमेंट में बदलने से असली पीड़ितों के दर्द का अपमान हो सकता है।
