पितरों के लिए गया में करना है पिंडदान? IRCTC लाया 3 दिन का फ्लाइट पैकेज, देखें कितना आएगा खर्च
सनातन धर्म में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंड दान करना बेहद जरूरी माना गया है।

IRCTC लाया 'पिंड दान' टूर पैकेज (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार का 'गया' शहर मोक्ष भूमि के नाम से जाना जाता है। शास्त्र बताते हैं कि कि यहां किया गया सिर्फ एक पिंड दान हमारी पिछली 21 पीढ़ियों को मोक्ष दिला सकता है। मान्यता है कि भगवान राम ने भी अपने पिता राजा दशरथ के लिए यहीं पिंड दान किया था।
ऐसे में, अगर आप भी अपने पितरों के प्रति अपना फर्ज निभाना चाहते हैं, तो IRCTC एक बहुत ही शानदार और सुविधाजनक 'पिंड दान यात्रा' लेकर आया है। आइए इस आर्टिकल में इस पूरे टूर की डिटेल्स समझते हैं।
टूर पैकेज की कुछ खास बातें
यह पूरा टूर 2 रात और 3 दिन का है, जिसमें आपको गया और बोधगया के दर्शन कराए जाएंगे।
- यात्रा की तारीखें: आप 27 से 29 सितंबर 2026 या फिर 1 से 3 अक्टूबर 2026 के बीच का समय चुन सकते हैं।
- सफर का तरीका: इंदौर से पटना तक आपको इंडिगो की फ्लाइट से ले जाया जाएगा और वहां से आगे का सफर बसों या कैब से होगा।
- पैकेज में क्या-क्या मिलेगा: आने-जाने की फ्लाइट टिकट, लोकल सफर के लिए गाड़ी, रुकने के लिए एक बढ़िया डीलक्स होटल, सुबह का नाश्ता व रात का खाना और साथ ही ट्रैवल इंश्योरेंस।
ऐसा रहेगा आपके 3 दिनों का सफर
पहला दिन
सुबह 06:55 पर आप इंदौर एयरपोर्ट से फ्लाइट लेंगे जो आपको दोपहर करीब 12:45 बजे पटना पहुंचा देगी। पटना से आपको सीधे बोधगया के होटल ले जाया जाएगा। पहले दिन आप आराम से डिनर करें और होटल में रात बिताएं।
दूसरा दिन
यह दिन सबसे जरूरी है। सुबह जल्दी नाश्ता करने के बाद आप फल्गु नदी के किनारे बसे प्रसिद्ध 'विष्णुपद मंदिर' जाएंगे। यहां एक चट्टान पर भगवान विष्णु के 40 सेंटीमीटर लंबे पैरों के निशान हैं, जिन्हें चांदी से ढका गया है। फल्गु नदी के तट पर पिंड दान करने के बाद आपको अक्षय वट, सीता कुंड और 18 महाशक्तिपीठों में से एक 'मंगला गौरी मंदिर' के दर्शन कराए जाएंगे।
शाम के समय आप बोधगया के 'महाबोधि मंदिर' और पवित्र 'बोधि वृक्ष' के दर्शन करने जाएंगे। इसके बाद वापस होटल लौटकर आप अपना डिनर करेंगे।
तीसरा दिन
सुबह नाश्ता करने के बाद आप होटल से चेक-आउट करेंगे। इसके बाद आपको वापस पटना एयरपोर्ट ले जाया जाएगा। वहां से दोपहर 13:30 बजे आपकी वापसी की फ्लाइट उड़ेगी, जो रात 21:10 बजे आपको इंदौर पहुंचा देगी।
कितना आएगा खर्च?
प्रति व्यक्ति खर्च की लिस्ट:
- अकेले रूम लेने पर: ₹29,600
- दो लोगों के साथ रूम शेयर करने पर: ₹26,500
- तीन लोगों के साथ रूम शेयर करने पर: ₹26,250
- 5-11 साल के बच्चे (एक्स्ट्रा बेड के साथ): ₹25,850
- 5-11 साल के बच्चे (बिना एक्स्ट्रा बेड): ₹23,350
(नोट: 2 साल से छोटे बच्चों की बुकिंग के लिए सीधे IRCTC ऑफिस से बात करनी होगी।)
