अब अपने फोन से ही निकालें ट्रेन का जनरल टिकट! लंबी लाइन से मिलेगा छुटकारा और 3% की विशेष छूट भी
भारतीय रेलवे के 'RailOne App' से यात्री घर बैठे अपने मोबाइल से अनारक्षित टिकट बुक कर सकते हैं।

रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर की भीड़ को कहें 'बाय-बाय' (Image Credit: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर करने से पहले स्टेशन की लंबी लाइनों से खौफ खाते हैं? तो समझ लीजिए आपकी यह सिरदर्दी अब हमेशा के लिए खत्म हो चुकी है।
जी हां, बिना किसी धक्का-मुक्की और बिना लाइन में खड़े हुए, अब आप अपने मोबाइल से ही घर बैठे अनारक्षित टिकट निकाल सकते हैं। बात सिर्फ सहूलियत की ही नहीं है, इस डिजिटल तरीके को अपनाने पर आपको किराये में छूट भी मिलने वाली है।
'RailOne App' से आसान होगा सफर
यात्रियों को स्टेशन की लंबी लाइनों से बचाने के लिए भारतीय रेलवे RailOne App की सुविधा दे रहा है। डीआरएम प्रयागराज ने अपने एक्स अकाउंट पर इस नई सुविधा को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने 'सफर की शुरुआत, रेल वन ऐप के साथ' का संदेश देते हुए बताया कि यात्री अब डिजिटल रूप से अपना अनारक्षित टिकट निकाल सकते हैं।
इस कदम का सीधा मकसद स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर होने वाली भीड़भाड़ को कम करना है ताकि यात्री बिना किसी झंझट के यात्रा कर सकें।
सफर की शुरुआत, #RailOneApp के साथ 🚆📲
— DRM PRAYAGRAJ, NCR (@drmprayagrajnc) August 11, 2026
अब डिजिटल भुगतान के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करें और 3% की छूट का लाभ उठाएँ। 💳
iOS: https://t.co/hhH4OjCfD0
Android: https://t.co/DcjdFG7MfJ #NCRailway #RailOneApp #IndianRailways pic.twitter.com/03kYZ5mhRZ
टिकट पर मिलेगा 3% का डिस्काउंट
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और यात्रियों को सुविधा देने के लिए रेलवे इस ऐप से टिकट बुकिंग पर 3% की छूट दे रहा है। यानी आपको लाइन में खड़े होने से तो आजादी मिलेगी ही, साथ ही आपके पैसों की भी बचत होगी।
आप इस ऐप पर यूपीआई, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या फिर डेबिट कार्ड के जरिए आसानी से डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं। रेलवे चाहता है कि ज्यादा से ज्यादा यात्री डिजिटल टिकटिंग सिस्टम का हिस्सा बनें।
बस इन स्टेप्स को फॉलो करें और पाएं टिकट
RailOne App से टिकट बुक करने का तरीका काफी आसान है:
- ऐप इंस्टॉल करें: अपने मोबाइल के प्ले स्टोर या ऐप स्टोर में जाकर 'RailOne' ऐप को डाउनलोड करें।
- लोकेशन सेट करें: ऐप खोलने पर लोकेशन और नोटिफिकेशन से जुड़ी जो भी परमिशन मांगी जाए, उसे एलाउ कर दें।
- अकाउंट लॉगइन करें: जिन यात्रियों का IRCTC अकाउंट बना हुआ है, वे अपना पुराना यूजरनेम और पासवर्ड डालकर लॉगइन कर सकते हैं। अगर आप पहली बार इस्तेमाल कर रहे हैं, तो मोबाइल नंबर और ओटीपी डालकर नया अकाउंट बना लें।
- टिकट विकल्प चुनें: लॉगइन करने के बाद होम स्क्रीन पर दिए गए 'Book Tickets' पर जाएं और वहां 'Unreserved Ticket' को चुनें।
- स्टेशन चुनें: अब आपको जहां से ट्रेन पकड़नी है और जहां तक जाना है, उन दोनों स्टेशनों के नाम और सफर की तारीख भरें।
- पेमेंट करें: डिजिटल माध्यम से पैसे चुकाएं और आपका क्यूआर कोड वाला टिकट तुरंत आपके मोबाइल स्क्रीन पर आ जाएगा।
अब आप स्टेशन पहुंचने से पहले ही अपना टिकट मोबाइल में सुरक्षित कर सकते हैं।
