भोपाल से अक्टूबर में शुरू होगी शारजाह की सीधी उड़ान, अंतरराष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर उभरेगी झीलों की नगरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि अक्टूबर से भोपाल से शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू ...और पढ़ें

राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल। (फाइल फोटो)
HighLights
भोपाल से शारजाह के लिए सीधी हवाई सेवा अक्टूबर में शुरू होगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में की यह महत्वपूर्ण घोषणा।
राजा भोज विमानतल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की सूची में शामिल होगा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल/इंदौर। झीलों की नगरी कही जाने वाली मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अब जल्द ही अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा से जुड़ने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर में आयोजित नईदुनिया प्रोमिनेंस अवार्ड 2026 में घोषणा की कि अक्टूबर में भोपाल से शारजाह के लिए नियमित सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। इस हवाई सेवा के शुरू होने के साथ ही राजा भोज विमानतल अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन वाले हवाई अड्डों की सूची में शामिल हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का जोर केवल फाइलों में योजनाएं बनाने पर नहीं, बल्कि फैसले लेकर उन्हें जमीन पर उतारने पर है। राजधानी भोपाल के विकास से जुड़े कामों को भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
राजा भोज एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल विंग तैयार
इधर, भोपाल के राजा भोज विमानतल पर अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। एयरपोर्ट को कस्टम दर्जा मिलने के बाद लाउंज के पास नया इंटरनेशनल विंग तैयार किया गया है। यहां अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच और अन्य प्रक्रियाओं के लिए आठ काउंटर स्थापित किए गए हैं।
यात्रियों की क्लीयरेंस प्रक्रिया को ई-गेट के माध्यम से पूरा करने की व्यवस्था भी की जा रही है। हालांकि, अभी एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन और कस्टम विभाग के कर्मचारियों की नियुक्ति होना बाकी है।
यह भी पढ़ें- सीएम मोहन यादव की बड़ी सौगात, 'भोपाल मास्टर प्लान-2047' का ड्राफ्ट तैयार, जानें कैसी होगी आपकी प्रपोज्ड लेक सिटी
एयरलाइंस को स्लॉट देने की पेशकश
राजा भोज विमानतल के कार्यकारी निदेशक आलोक त्रिपाठी के मुताबिक, एयरलाइंस कंपनियों को स्लॉट देने की पेशकश की जा चुकी है। शारजाह के लिए उड़ान शुरू होने के बाद भोपाल एयरपोर्ट को वास्तविक रूप से अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा हासिल हो जाएगा।
शारजाह उड़ान शुरू होने से भोपाल और आसपास के यात्रियों को खाड़ी क्षेत्र की सीधी कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इससे कारोबार, पर्यटन और विदेश यात्रा के लिए कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिल सकता है।
