पचमढ़ी के जंगल में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, दोस्त को जिप्सी से बांधा; घुमाने के बहाने लेकर पहुंचे थे आरोपित
पचमढ़ी में एक नाबालिग व उसके दोस्त को तीन युवक घुमाने के बहाने जंगल में लेकर पहुंचे। वहां उन्होंने डरा-धमकाकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर नाबालिग के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
पीड़िता को बस स्टैंड पर मिले थे आरोपित।
वारदात के बाद पीड़िता डरी, चार दिन बाद खुलासा।
पुलिस ने तीनों आरोपित युवकों को गिरफ्तार किया।
डिजिटल डेस्क, नर्मदापुरम। प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि परिचित युवक के दोस्तों ने ही नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया है। नाबालिग एक युवक के साथ पचमढ़ी घूम रही थी, तभी उनके परिचित युवक आ गए और बहला-फुसलाकर दोनों को घुमाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले गए। वहां पहुंचकर आरोपितों ने डरा-धमकाकर बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है।
घटना के बाद नाबालिग और उसका मित्र बुरी तरह डर गए और उन्होंने तत्काल स्वजन को जानकारी नहीं दी। बाद में जब स्वजन को घटना की जानकारी मिली तो 23 अगस्त को पचमढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के छह घंटे में ही पुलिस ने तीनों आरोपितों हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार को गिरफ्तार कर लिया।
दोस्त को जिप्सी से बांधा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके परिचित का दोस्त हरिओम जो जिप्सी चलाता है, वह बस स्टैंड पर उन्हें मिला। हरिओम ने अपने दोस्त पवन बंसल और अभिषेक वंशकार को भी बुला लिया और घुमाने के बहाने जंगल की ओर ले गए। वहां उन्होंने दोनों को डराया-धमकाया और विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया। इसके बाद तीनों ने बारी-बारी उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के परिचित युवक के दोस्तों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, मामले की जांच की जा रही है।
अभिषेक राजन, एएसपी, नर्मदापुरम
