विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP weather: ग्वालियर-चंबल में झमाझम बारिश, भोपाल-जबलपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार

Published: Mon, 07 Sep 2026 02:47 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है, पिछले 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी बारिश हुई, जिसमें शिवपुरी के बैराड़ में सर्वाधिक 107 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. पिछले 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी बारिश।

  2. शिवपुरी के बैराड़ में सर्वाधिक 107 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

  3. सोमवार को अधिकांश जिलों में बौछारें पड़ने के आसार।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश में मानसून की सक्रियता बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में अधिकांश स्थानों पर, नर्मदापुरम-सागर में अनेक स्थानों पर और भोपाल-उज्जैन-जबलपुर संभागों में कुछ स्थानों पर और इंदौर-रीवा-शहडोल में कहीं-कहीं बारिश हुई।

कहां कितनी वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले चौबीस घंटों के दौरान शिवपुरी के बैराड़ में सर्वाधिक 107 मिमी (4 इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई, वहीं पोहरी में 68 मिमी पानी गिरा। इसके अलावा मुरैना में 38, ओरछा में 37, ग्वालियर में 35.6, गुना में 17.8, पन्ना में 14, दतिया में 13.5, मंदसौर में 13, जबलपुर में 12.1, छतरपुर में 11 मिमी वर्षा हुई।

ये वेदर सिस्टम सक्रिय

मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के सोमवार सुबह के विश्लेषण के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों में बना निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है और इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण 4.5 किमी तक फैला है; मानसून ट्रफ़ मध्य प्रदेश से गुजर रही है, जिसके चलते अगले 24 घंटों में प्रदेश के बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्ना में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

इसके अलावा पश्चिमी मालवा-निमाड़ में आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर और नीमच जैसे शहरों में भी बौछारें पड़ सकती हैं।

यह भी पढ़ें- MP में मानसून सक्रिय, ग्वालियर-छतरपुर समेत 13 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी; घाटीगांव में 3 इंच से ज्यादा बारिश

आगे ऐसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम में बना निम्न दाब क्षेत्र और उससे जुड़ी ट्रफ़ मध्य प्रदेश के ऊपरी हिस्सों को प्रभावित कर रही है; इसी के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला बना रहने की आशंका है।