रतलाम में प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने बेटी का किया मृत्यु भोज, तस्वीर पर चढ़ाई माला; 3 दिसंबर को होनी थी शादी
रतलाम में एक परिवार ने अपनी बेटी के प्रेम विवाह से नाराज होकर उसे जीते-जी मृत मान लिया। उन्होंने घर में उसकी तस्वीर पर माला चढ़ाकर और पंडित बुलाकर हिंदू रीति-रिवाज से मृत्यु भोज का आयोजन किया।

परिवार ने बेटी को मृत करार देकर कराया मृत्यु भोज।
HighLights
प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने बेटी को मृत घोषित किया।
घर में तस्वीर पर माला चढ़ाकर मृत्यु भोज दिया।
3 दिसंबर को होने वाली थी शादी, बेटी ने की लव मैरिज।
डिजिटल डेस्क, रतलाम। प्रेम विवाह से नाराज एक परिवार ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी को जीते-जी मृत मान लिया। घर में उसकी तस्वीर रखी, उस पर फूलों की माला चढ़ाई और पंडित को बुलाकर हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-पाठ कराया। इसके बाद रिश्तेदारों और समाज के लोगों को बुलाकर मृत्यु भोज भी दिया गया। परिवार का कहना है कि बेटी ने उनकी मर्जी के खिलाफ शादी कर उनकी भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। इसी पीड़ा में उन्होंने उससे अपने संबंध खत्म करने का फैसला किया। उनकी बेटी अब उनके लिए मर चुकी है।
मामला जावरा के कुम्हारीपुरा का है। यहां रहने वाले परिवार की सबसे छोटी बेटी की शादी 3 दिसंबर को तय हुई थी। घर में विवाह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। रिश्तेदारों और परिचितों को निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके थे। शादी से पहले घर में भागवत कथा का आयोजन भी कराया गया था। इसी बीच परिवार को पता चला कि बेटी ने रिंगनोद निवासी अपने प्रेमी के साथ उज्जैन जाकर विवाह कर लिया है।
होने वाले ससुराल में फोन कर बताई दूसरी शादी की बात
परिवार के मुताबिक, युवती ने खुद अपने होने वाले ससुराल में फोन कर दूसरी जगह शादी करने की जानकारी दी। इसके बाद यह बात उसके मायके तक पहुंची। परिजनों ने पुलिस को भी सूचना दी, जिसके बाद युवती थाने में पेश हुई।
हालांकि, बेटी के इस फैसले से परिवार इतना आहत हुआ कि सोमवार सुबह घर पर ही उसका शोक कार्यक्रम आयोजित कर दिया। तस्वीर पर माला चढ़ाई गई, धार्मिक अनुष्ठान किए गए और रिश्तेदारों व समाजजनों के लिए भोज रखा गया।
पिता बोले- हैसियत के मुताबिक की थी शादी की तैयारी
युवती के पिता मटके का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके चार बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि छोटी बेटी की शादी 3 दिसंबर को जावरा में ही तय की थी। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार तैयारियां की थीं। शादी के कार्ड भी बांट दिए गए थे।
यह भी पढ़ें- रतलाम में एक्सप्रेसवे पर ब्रिज से 30 फीट नीचे गिरी कार, पति की मौत; पत्नी व दोनों बेटे घायल
पिता के अनुसार, तीन-चार दिन पहले बेटी के उज्जैन जाकर रिंगनोद के युवक से शादी करने की जानकारी मिली। बेटी ने उन्हें सीधे इसकी सूचना देने के बजाय होने वाले ससुराल में फोन किया था।
पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी को पढ़ाया-लिखाया और कॉलेज तक की शिक्षा दिलाई, लेकिन उसने परिवार की भावनाओं और उनकी इच्छा का ध्यान नहीं रखा। इसी सदमे और नाराजगी के चलते परिवार ने उसे मृत मानकर गोरनी (शोक) कार्यक्रम आयोजित किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।