विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बुनियादी प्रशिक्षण की जरूरत', हिरासत आदेश की त्रुटियों पर हाई कोर्ट की रीवा कमिश्नर को फटकार; दो दिन में जवाब तलब

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:35 PM (IST)

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह को हिरासत आदेश में गंभीर कानूनी और प्रक्रियागत त्रुटियों के लिए फटकार लगाई है। कोर्ट ने कमिश्नर को बुनियादी प्रशिक्षण की आवश्यकता बताते हुए दो दिन में जवाब तलब किया है।

मप्र हाई कोर्ट भवन।

मप्र हाई कोर्ट भवन।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने हिरासत आदेश में गंभीर त्रुटियां पाईं।

  2. रीवा कमिश्नर की कार्यशैली पर जताई नाराजगी।

  3. कमिश्नर से दो दिन में जवाब तलब किया गया।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। हिरासत में लेने के आदेश में गंभीर कानूनी और प्रक्रियागत त्रुटियां मिलने पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह के प्रति नाराजगी जाहिर की है। अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि कमिश्नर को इस तरह की जिम्मेदारी निभाने के लिए बुनियादी प्रशिक्षण की आवश्यकता है। कोर्ट ने हिरासत से जुड़े कानूनी प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रिया की समझ पर भी सवाल उठाए हैं।

मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने की। कोर्ट ने आदेश में सामने आई खामियों को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर से जवाब तलब किया है।

छह माह के लिए भोपाल जेल भेजने के आदेश को दी चुनौती

यह मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता से जुड़ा है। रीवा संभाग के कमिश्नर ने पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत ओमप्रकाश गुप्ता को छह महीने तक भोपाल जेल में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था। इस आदेश के खिलाफ उन्होंने अधिवक्ता आलोक तिवारी के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर कर चुनौती दी।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से हिरासत आदेश में कई गंभीर त्रुटियां बताई गईं। इन खामियों पर गौर करने के बाद हाई कोर्ट ने आदेश जारी करने की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारी की कानूनी समझ पर सवाल उठाए।

यह भी पढ़ें- भोपाल गैस त्रासदी केस में हाई कोर्ट सख्त, 30 दिन में अपीलों पर फैसला करने के निर्देश

कोर्ट ने मांगा दो दिन में जवाब

युगलपीठ ने टिप्पणी की कि किसी व्यक्ति को हिरासत में रखने का आदेश जारी करना बेहद गंभीर और संवेदनशील जिम्मेदारी है। इस तरह के आदेश में कानून के प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रिया का सही पालन होना अनिवार्य है। अदालत ने कमिश्नर को आदेश में सामने आई त्रुटियों और कोर्ट की टिप्पणियों पर संक्षिप्त जवाब प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय दिया है।

अब मामले की अगली सुनवाई में कमिश्नर के जवाब पर विचार किया जाएगा। इसके बाद हाई कोर्ट आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।