1.50 करोड़ की डिमांड, 40 लाख में डील; महाराष्ट्र में रिश्वत के मामले में दो GST अधिकारी गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने महाराष्ट्र के रायगढ़ में 40 लाख रुपये की रिश्वतखोरी के मामले में सीजीएसटी के एडिशनल कमिश्नर, एक सुपरिटेंडेंट और उनके साथी को गिरफ्तार किया है।
-1787973523359_m.webp)
रिश्वत मामले में दो GST अधिकारी गिरफ्तार (प्रतिकात्मक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली, आईएएनएस । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में 40 लाख रुपये की रिश्वतखोरी के मामले में सीजीएसटी के एडिशनल कमिश्नर (आइआरएस अधिकारी), एक अन्य जीएसटी अधिकारी और उनके एक साथी को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई अधिकारी ने एक बयान में कहा कि जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंथेती, जीएसटी के सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा और एक अन्य व्यक्ति नरिंदर राजपूत को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।
26 अगस्त को सीबीआई ने दर्ज किया था मामला
सीबीआई ने 26 अगस्त को आरोपित सीजीएसटी सुपरिटेंडेंट के विरुद्ध यह मामला दर्ज किया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने शिकायतकर्ता की पत्थर की खदान वाली फर्म से जुड़े जीएसटी-रायल्टी मामले को निपटाने के लिए 1.50 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
सीबीआई ने बताया कि बातचीत के बाद यह मांग घटाकर 40 लाख रुपये कर दी गई थी। आरोपित सरकारी अधिकारियों ने रिश्वत की रकम लेने का काम राजपूत को सौंपा था।
40 लाख की रिश्वत लेते पकड़ाया
बयान में कहा गया है कि सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपित राजपूत को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई ने कहा कि बाद में दोनों अधिकारियों ने रिश्वत की रकम स्वीकार किए जाने की बात मान ली।
