मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन: अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी, देश छोड़ने पर लगी रोक
मुंबई पुलिस ने गांधी जयंती पर हुए अनधिकृत प्रदर्शन के संबंध में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास, अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किए हैं।

सौरव दास के बाद अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी। (फोटो-REUTERS)
HighLights
मुंबई पुलिस ने सीजेपी नेताओं के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किए।
गांधी जयंती पर अनधिकृत प्रदर्शन के संबंध में हुई यह कार्रवाई।
अभिजीत दिपके ने नागपुर रैली में पुलिस को गिरफ्तारी की चुनौती दी।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई पुलिस ने गांधी जयंती पर यहां हुए अनधिकृत प्रदर्शन को लेकर दर्ज एफआईआर के संबंध में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास के अलावा अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका के विरुद्ध भी लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि मामले की जांच जारी रहने के दौरान तीनों नेताओं को देश छोड़ने से रोकने के लिए ये सर्कुलर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दादर के शिवाजी पार्क में गांधी जयंती पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए सीजेपी को अनुमति देने से इन्कार कर दिया था।
इस बीच, नागपुर में सीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ रैली के दौरान दिपके ने लुकआउट सर्कुलर का जिक्र करते हुए पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती दी।
उन्होंने कहा, 'मुंबई पुलिस ने मेरे विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी किया है। यहां पुलिस का बंदोबस्त है और वे मुझे तलाश रहे हैं। अभिजीत दिपके कहां है? मैं यहां संविधान चौक पर हूं। आप क्या करेंगे? मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। मैं दो बार जेल जा चुका हूं। मुझे जेल का डर मत दिखाइए।'
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार