महाराष्ट्र: नवी मुंबई की प्रतीक्षा बिल्डिंग में जोरदार धमाका, दो लोग घायल; 6 दुकानों को पहुंचा नुकसान
नवी मुंबई के सानपाड़ा स्थित प्रतीक्षा बिल्डिंग में सागर फैमिली रेस्टोरेंट में सुबह करीब 6 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
HighLights
नवी मुंबई के सानपाड़ा में सागर फैमिली रेस्टोरेंट में धमाका।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
धमाके से छह दुकानें और अस्पताल की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हुईं।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की नवी मुंबई के सानपाड़ा के सेक्टर 1 स्थित प्रतीक्षा बिल्डिंग में सागर फैमिली रेस्टोरेंट में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका म्युनसिपल कॉर्पोरेशन के वाशी अस्पताल में इलाज जारी है। धमाका सुबह करीब 6:00 बजे का है।
धमाके से मची अफरा-तफरी
प्रतीक्षा कमर्शियल बिल्डिंग में हुआ ये धमाका इतना जोरदार था कि उसके बगल में मौजूद अभिमन्यु CHS की दुकानें भी प्रभावित हुई हैं। बिल्डिंग के सामने बने अस्पताल की खिड़कियों के शीशे तक टूट गए। धमाके से आस पास की 6 दुकानों को भी भारी नुकसान पहुँचा है।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल
नवी मुंबई में अहले सुबह हुए इस घटना में 26 साल का अरुण यादव और 46 साल के अर्जुन यादव गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के वाशी अस्पताल में इलाज जारी है।
पूरी जांच के बाद होगा खुलासा
वाशी के फायर डिपार्टमेंट ऑफिसर पुरुषोत्तम जाधव ने बताया सानपाड़ा में हुए इस धमाके की जांच जारी है। शुरुआती जांच में आस-पास की खाने की दुकान में मिले तीन सिलिंडर सही सलामत दिख रहे हैं। घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए लगातार जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह गैस सिलेंडर में धमाका था।
(न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- मुंबई में 'सीरियल कैट किलर' गिरफ्तार, चेंबूर में 6 से अधिक बिल्लियों की हत्या की बात कबूली
