विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पवार vs पवार: NCP के विलय से किसे होगा फायदा, किसका घटेगा कद?

Published: Thu, 12 Nov 2026 05:53 PM (GMT+05:30)

अगर NCP के दोनों गुटों का विलय हो जाता है और यह एकजुट पार्टी NDA में शामिल हो जाती है, ...और पढ़ें

NCP के विलय से किसे होगा फायदा।

NCP के विलय से किसे होगा फायदा।

HighLights

  1. सुप्रिया सुले का राजनीतिक कद विलय से काफी मजबूत होगा।

  2. सुनेत्रा पवार की राजनीतिक स्थिति विलय के बाद कमजोर होगी।

  3. शरद पवार महायुति गठबंधन में किंगमेकर की भूमिका निभाएंगे।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीतिक तस्वीर और NCP के भीतर के समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। अब NCP के दोनों गुटों को बीच एक विलय होता दिख रहा है। यह किसी पुनर्मिलन जैसा कम, बल्कि ऐसा ज्यादा लगा रहा जैसे शरद पवार अपनी खोई हुई विरासत को वापस हासिल कर रहे हों।

अगर NCP के दोनों गुटों का विलय हो जाता है और यह एकजुट पार्टी NDA में शामिल हो जाती है, तो सबसे बड़ा सवाल होगा कि पवार परिवार में किसका कद बढ़ेगा और किसे किनारे कर दिया जाएगा।

अजित पवार एक जननेता और कुशल प्रशासक थे। उनके बिना, उनके परिवार के सदस्यों- सुनेत्रा, पार्थ और जय पवार की संगठन पर वैसी मजबूत पकड़ नहीं है,जैसी कभी उनकी हुआ करती थी। उनके निधन के बाद, इस विलय का मतलब ये हो सकता है कि पवार परिवार में केवल सुप्रिया सुले का राजनीतिक कद ही और मजबूत हो।

बीजेपी भी अच्छी तरह जानती है कि अजित पवार के बिना, उनके गुट में ऐसा कोई बड़ा जमीनी नेता नहीं है जो वोट खींच सके। रोहित पवार कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन यह देखना बाकी है कि अपनी पार्टी के अंदरूनी हालात और सुप्रिया सुले की मौजूदगी के बीच वे कितनी तरक्की पाते हैं। इस संदर्भ में, कांग्रेस के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियां काफी कुछ बयां करती हैं।

बीजेपी, जिसका पास अभी सत्ता की बागडोर है, उसे संसद में अपनी स्थिति मजबूत करने और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को कमजोर करने के लिए शरद पवार और उनके आठ लोकसभा सांसदों के समर्थन की जरूरत है।

वहीं दूसरी ओर सुनेत्रा पवार अपने गुट पर से अपना नियंत्रण नहीं छोड़ना चाहतीं। वह जानती हैं कि जिस पर उन्होंने यह नियंत्रण खो दिया, उसी पल उनका राजनीतिक कद और पद भी छिन सकता है। अजित पवार के साथ जुड़े वरिष्ठ सहयोगी, सुनेत्रा और उनके बेटों के रवैये से परेशान बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि सुनेत्रा और उनके बेटे पार्थ पवार किसी भी तरह से विलय का कड़ा विरोध कर रहे हैं और अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में दिल्ली में NCP के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच एक बैठक हुई, जिसमें विलय की संभावनाओं पर चर्चा की गई। सुनेत्रा पवार ने जानबूझकर उस अहम बैठक से दूरी बनाए रखी।

यह ताजा घटनाक्रम, जो NCP के गुटों के बीच मची उथल-पुथल को दर्शाता है, संकेत देता है कि शरद पवार ने पर्दे के पीछे से एक निर्णायक लड़ाई शुरू कर दी है, ताकि वे उस पार्टी पर फिर से अपना नियंत्रण पा सकें जिसका नेतृत्व कभी वे खुद करते थे।

इस अनुभवी नेता ने अभी तक अपने पत्ते पूरी तरह से नहीं खोले हैं। उनके मुख्य लक्ष्यों में अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए एक अहम राजनीतिक भूमिका सुनिश्चित करना और पार्टी के नाम व चुनाव चिह्न को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई जीतना शामिल है।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर पार्टियां आपस में विलय करती हैं, तो पवार परिवार के सदस्यों का भविष्य क्या होगा?

1. सुप्रिया सुले: सबसे बड़ी लाभार्थी, शरद पवार की इकलौती बेटी और बारामती से लंबे समय तक सांसद रहीं सुप्रिया सुले, फिलहाल शरद पवार गुट की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं और पार्टी का मुख्य चेहरा हैं। अगर विलय होता है, तो इससे उनकी राजनीतिक संभावनाएं काफी मजबूत हो जाएंगी।

शरद पवार इस विलय के लिए तभी राजी होंगे, जब सुप्रिया को सरकार और पार्टी, दोनों में कोई अहम भूमिका मिले। एक संयुक्त पार्टी में, वह अपने पिता के बाद निर्विवाद रूप से दूसरे नंबर की नेता होंगी। ऐसी भी चर्चाएं हैं कि उन्हें केंद्र सरकार में कोई बड़ा पद दिया जा सकता है।

2. सुनेत्रा पवार: सुनेत्रा पवार ने हाल ही में सक्रिय राजनीति में कदम रखा था और बारामती लोकसभा सीट से सुप्रिया सुले के खिलाफ चुनाव लड़ा था, जिसमें वह 1,58,333 वोटों के अंतर से हार गईं। हालांकि, अजित पवार के निधन के बाद, सहानुभूति की लहर ने उन्हें पार्टी और सरकार में एक अहम स्थान दिलाने में मदद की। लेकिन समय के साथ, उनके करीबी लोग भी उनके खिलाफ हो गए, जिसका मुख्य कारण उनके बेटे पार्थ का रवैया माना जाता है।

वह पार्टी पर अपना नियंत्रण बनाए रखने और उपमुख्यमंत्री का पद बचाने की पूरी कोशिश कर रही हैं, हालांकि वह अपने दिवंगत पति के पास रहे महत्वपूर्ण वित्त विभाग को हासिल करने में असफल रहीं। विलय होने पर, सुनेत्रा पवार की स्थिति सबसे ज्यादा कमजोर हो जाएगी, उनके पास शरद पवार जैसा राजनीतिक अनुभव नहीं है और न ही विधायकों पर उनकी वैसी मजबूत पकड़ है। विलय के बाद, पार्टी की कमान पूरी तरह से शरद पवार और सुप्रिया सुले के हाथों में आ जाएगी।

3. शरद पवार: सर्वोपरि नेता। NCP के संस्थापक, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री, 86 साल के शरद पवार आज भी अपनी पार्टी के निर्विवाद प्रमुख हैं और INDI गठबंधन के लिए एक प्रमुख रणनीतिकार हैं। अगर NCP का विलय हो जाता है, तो शरद पवार 'महायुति' गठबंधन के लिए एक 'किंगमेकर' के रूप में उभरेंगे।

भले ही BJP न चाहे, फिर भी उसे शरद पवार जैसे कद के नेता को अपने गठबंधन में एक अहम भूमिका और सत्ता में हिस्सेदारी देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इससे शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट और भी कमजोर हो जाएगा। हालांकि शरद पवार की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के विचारों से बिल्कुल अलग है, फिर भी वे अपनी बेटी सुप्रिया सुले का भविष्य सुरक्षित करने और पार्टी की मूल पहचान वापस पाने के लिए ऐसा समझौता कर सकते हैं।

4. पार्थ पवार: 2019 के लोकसभा चुनाव में मावल निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने पर पार्थ पवार को करारी हार का सामना करना पड़ा था और 2024 के चुनावों के दौरान भी वे पूरी तरह से किनारे रहे। फिलहाल, वे NCP के महासचिव हैं और महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। अपनी मां सुनेत्रा के साथ मिलकर, वे पार्टी को शरद पवार के हाथों में जाने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। विलय के बाद पार्थ का भविष्य काफी खतरे में पड़ गया है।

यह भी पढ़ें- 'सही समय आने पर सब पता चल जाएगा', NCP विलय पर बोलीं सुनेत्रा पवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।