विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाइगर श्रॉफ से सलमान खान तक: बॉलीवुड सितारों को कब-कब बनाया गया निशाना?

Published: Sun, 18 Oct 2026 10:50 PM (IST)Updated: Mon, 19 Oct 2026 02:32 AM (IST)

मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हो गए।

टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू में हुई गोलीबारी

टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू में हुई गोलीबारी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हमलवरों की फायरिंग में बाल-बाल बच गए। फायरिंग में टाइगर की कार का ड्राइवर और पास से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गया। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच के लिए 15 टीमें बनाई गई हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लारेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती से बात कर मामले की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने टाइगर श्रॉफ से भी बात की।

एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया

खबर लिखे जाने तक मामले में एक संदिग्ध को सांताक्रूज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग के अनुसार, टाइगर श्रॉफ फुटबाल खेलने के बाद अपने ड्राइवर के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार के पास पहुंचे मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने फायरिंग कर दी।

टाइगर श्रॉफ तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस के बांये हाथ में गोली लगी है। एक आटो ड्राइवर चव्हाण भी घायल हुआ है। दोनों का नानावटी अस्पताल में इलाज चल रहा है और दोनों खतरे से बाहर हैं। डीसीपी गर्ग के अनुसार हमलावरों ने तीन गोलियां दागी थीं। फिरदौस को गोली लगने के बाद टाइगर श्रॉफ स्वयं गाड़ी चलाकर नानावटी अस्पताल ले जाते देखे गए।

टाइगर श्रॉफ सुरक्षित: जैकी श्रॉफ

अभिनेता के पिता जैकी श्रॉफ ने भी उनके सुरक्षित होने की पुष्टि की है। दो मार्च, 1990 को जन्मे टाइगर श्रॉफ एक्शन हीरो और मार्शल आर्ट्स के खिलाड़ियों में से एक हैं।

वह ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट हैं। उन्होंने 2014 में फिल्म ‘हीरोपंती’ से अभिनय की शुरुआत की थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए जुहू पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुटे हैं।

आरोपितों की धरपकड़ के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

लोगों से जुटा रहे जानकारी 

प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों के हुलिये, उनके भागने के रास्ते और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बैलिस्टिक साक्ष्य जुटाए, वाहन की जांच की।फायरिंग के बाद कथित तौर पर लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। रिपोर्टों में अनिल पंडित और हरमन संधू नामक व्यक्तियों का उल्लेख किया गया है।

लारेंस गैंग द्वारा जारी एक कथित इंटरनेट मीडिया संदेश में टाइगर श्रॉफ के सलमान खान के साथ काम करने को लेकर नाराजगी जताने और पहले से चेतावनी देने का दावा किया गया है। संदेश में सलमान खान के साथ काम करने वाले हिंदी फिल्म उद्योग के अन्य लोगों को भी धमकी की बात कही गई है।

उपमुख्यमंत्री ने क्या कहा?

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना की निंदा करते हुए मुंबई में गैंगवार बर्दाश्त नहीं किए जाने और कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। शिंदे ने हमलावरों को उनकी ही भाषा में जवाब देने की बात कही है।

शिंदे ने कहा कि पिछली सदी के आखिरी दशक में चले गैंगवार को जिस तरह मुंबई पुलिस ने खत्म करने का काम किया था, उसी तरह मुंबई पुलिस इस बार भी ऐसे सरगनाओं को खत्म करने का काम करेगी।

बता दें कि इससे पहले भी लारेंस बिश्नोई गैंग द्वारा सलमान खान व सुनील शेट्टी इत्यादि पर हमले कर चुका है। शिंदे ने सभी विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा की समीक्षा का आश्वासन भी दिया है।

पहले भी हुई है गोलीबारी की घटनाएं

बीते वर्षों में कई बालीवुड शख्सियतों पर गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। इस वर्ष फरवरी में फिल्मकार रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाई गई थीं। लारेंस बिश्नोई गिरोह ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।

अप्रैल, 2024 में बाइक सवार दो लोगों ने बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाई थीं।

जनवरी, 2000 में फिल्मकार राकेश रोशन पर सांताक्रूज इलाके में जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह घायल हो गए थे। अगस्त, 1997 में टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार की अंधेरी इलाके में जितेश्वर महादेव मंदिर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

कपिल शर्मा के कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में स्थित रेस्तरां ‘कैप्स कैफे’ को पिछले वर्ष जुलाई से अक्टूबर के बीच तीन अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में निशाना बनाया गया था।

यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर हमले की लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, नोट में सलमान खान का जिक्र

यह भी पढ़ें- मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन लोगों ने की गोलीबारी, अभिनेता सुरक्षित