Mumbai BMW Case: राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, CCTV में हुआ हुआ खुलासा; हादसे के बाद से फरार है आरोपी
रविवार सुबह वर्ली इलाके में एक महिला को बीएमडब्ल्यू कार से टक्कर मार दी गई थी। अब मुंबई पुलिस ने शिवसेना शिंदे गुट के नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। जांच के बाद पता चला कि कार मिहिर शाह चला रहे थे और पुलिस को शक है कि गाड़ी चलाते समय वो नशे में थे
जेएनएन, मुंबई। मुंबई के वर्ली इलाके में बीएमडब्ल्यू कार से कुचलकर महिला की मौत मामले में स्थानीय अदालत ने शिवसेना नेता राजेश शाह को पहले तो 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया और फिर जमानत दे दी। अदालत ने राजेश शाह के ड्राइवर राजर्षि बिदावत को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने इन दोनों को बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार किया था। दुर्घटना के बाद से फरार चल रहे राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह के खिलाफ मुंबई पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चूंकि मिहिर शाह के देश छोड़कर भागने की आशंका है, इसलिए उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।
इस बीच, पुलिस ने 24 वर्षीय मिहिर शाह को पकड़ने के लिए 11 टीमों का गठन किया है और अपराध शाखा को भी इसमें शामिल किया गया है। पुलिस ने कहा कि जब यह दुर्घटना हुई, उस समय मिहिर शाह गाड़ी चला रहा था। रविवार तड़के लगभग 5.20 बजे हुई इस दुर्घटना में कावेरी नखवा की मौत हो गई थी और उसका पति प्रदीप नखवा घायल हो गया था।
पुलिस को संदेह है कि दुर्घटना के समय मिहिर शराब के नशे में था, क्योंकि उसे घटना से कुछ घंटे पहले जुहू इलाके में एक बार में देखा गया था। पुलिस को बार का 18 हजार रुपये का बिल भी मिला है और वह इसकी पुष्टि कर रही है। पुलिस द्वारा अदालत में पेश किए गए सीसीटीवी फुटेज में कावेरी नखवा को कार द्वारा 1.5 किलोमीटर तक घसीटते हुए दिखाया गया है।
फुटेज में मिहिर शाह और राजर्षि बिदावत को महिला को बोनट से उतारते हुए, उसे सड़क पर रखते हुए और फिर कार को पीछे करते हुए उसे फिर से कुचलते हुए दिखाया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, वर्ली से घसीटे जाने के बाद मिहिर और बिदावत ने बांद्रा वर्ली सी ¨लक से ठीक पहले कार रोकी और महिला को निकाला, जो वाहन के टायर में उलझ गई थी।
इसके बाद बिदावत ने ड्राइवर की सीट ली और कार को पीछे करते हुए महिला को कुचल दिया। इसके बाद वे भाग गए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मिहिर शाह अपनी महिला मित्र के घर गया और तब से उसका पता नहीं चला है। उसने बोरीवली इलाके में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। पुलिस ने कहा कि मिहिर शाह के पिता राजेश शाह ने अपने बेटे के भागने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने ही अपने बेटे को भागने का सुझाव दिया था।
महाराष्ट्र में हिट एंड रन के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अन्याय के प्रति उनकी बिल्कुल सहनशीलता नहीं है और ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों को कतई छूट नहीं दी जाएगी। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि जब तक मैं राज्य का मुख्यमंत्री हूं, तब तक किसी को भी छूट नहीं मिलेगी, चाहे वह अमीर हो, प्रभावशाली हो या नौकरशाहों या मंत्रियों की संतान हो।
अन्याय के प्रति मेरी बिल्कुल सहनशीलता नहीं है। बता दें कि कुछ सप्ताह पूर्व पुणे में एक नाबालिग किशोर द्वारा पोर्श कार से दो इंजीनियरों को कुचल कर मार देने के बाद से महाराष्ट्र में ऐसी कई और घटनाएं हो चुकी हैं। रविवार की सुबह मुंबई के वर्ली क्षेत्र में ऐसी ही एक घटना हुई। उसके बाद रविवार को ही पुणे में हुई ऐसी ही एक दुर्घटना में एक पुलिसकर्मी की मृत्यु हो गई है।
लगातार रिपोर्ट हो रही ऐसी ही घटनाओं पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा है कि महाराष्ट्र में हिट एंड रन की घटनाओं में वृद्धि से मैं बहुत ¨चतित हूं। यह असहनीय है कि शक्तिशाली और प्रभावशाली लोग व्यवस्था में हेरफेर करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग करते हैं। हम हिट एंड रन अपराधियों के लिए सख्त कानून और कठोर दंड लागू कर रहे हैं।
पुणे हिट एंड रन मामले में एक गिरफ्तार
पुणे पुलिस ने हिट एंड रन मामले में सोमवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि उसकी कार ने गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीट मार्शल संजोग शिंदे और समाधान कोली गश्त कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
कार चालक अपने वाहन में बैठकर भाग गया। दुर्घटना में कोली की मौत हो गई, जबकि दूसरा पुलिसकर्मी घायल हो गया। एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार कार सर्विस सेंटर का एक कर्मचारी सिद्धार्थ केंगर चला रहा था। केंगर को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।